सोने-चांदी के जेवरात व नकदी समेत 7.15 लाख की संपत्ति बरामद
दुर्ग। जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए दुर्ग पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के तहत थाना पाटन पुलिस ने नाकाबंदी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज आठ चोरी के प्रकरणों का खुलासा करते हुए सोने-चांदी के जेवरात और नकद राशि सहित कुल 7,15,820 की संपत्ति जप्त की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार 8 फरवरी 2026 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संयुक्त टीम गठित कर नाकाबंदी एवं संदिग्धों की चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर से प्राप्त सूचना, सीसीटीवी फुटेज तथा मोबाइल लोकेशन के आधार पर रायपुर के मठ पुरैना क्षेत्र से तीन आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों में मनीष अमोरिया (25), जितेन्द्र गायकवाड़ (23) और रवि साहू (23) शामिल हैं, जो ग्राम लखौली, थाना सिटी कोतवाली, जिला राजनांदगांव के निवासी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रायपुर में इडली-डोसा का ठेला लगाते थे और सुनसान मकानों की रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
आरोपियों के मेमोरण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने थाना नंदनी, रानीतराई, उतई, अमलेश्वर और पाटन क्षेत्रांतर्गत ग्राम अछोटी, औसर, गोडपेण्ड्री, झीट, चंगोरी, अरसनारा, तर्रा तथा बठेना में घटित चोरी की आठ घटनाओं का खुलासा किया। इन मामलों में आरोपियों द्वारा सोने-चांदी के जेवरात एवं नकद राशि की चोरी करना स्वीकार किया गया।
पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले तीन आरोपियों धर्मेन्द्र साहू (33), उमेश उर्फ पिंटू सोनी (35) और प्रकाश सोनी (38) को भी गिरफ्तार किया है। जप्त सामग्री में सोने-चांदी के विभिन्न जेवरात, नकद 12,800 सहित कुल अनुमानित मूल्य 7,15,820 की संपत्ति शामिल है।
प्रकरणों में अपराध क्रमांक अनुसार धारा 331(3), 305 बीएनएस के तहत वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी मनीष अमोरिया के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न थानों में 10 प्रकरण दर्ज हैं।इस संयुक्त कार्यवाही में थाना पाटन एवं Accu टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी विजय अग्रवाल ने कहा

दुर्ग वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा चोरी का माल खरीदने-बेचने से बचें। कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रधान संपादक


