Explore

Search

February 2, 2026 4:41 pm

प्रलोभन देकर धर्मांतरण का आरोप, मकान को बनाया प्रार्थना भवन

बजरंग दल के विरोध पर पुलिस ने मकान मालिक समेत 16 को लिया हिरासत में

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत वसंत विहार के पास सूर्या विहार कॉलोनी में एक निजी मकान को कथित रूप से प्रार्थना भवन में बदलकर प्रलोभन के जरिए धर्मांतरण कराने का मामला सामने आया है। मामले की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और विरोध शुरू कर दिया। संगठन ने आरोप लगाया कि मकान मालिक हिंदू समाज के लोगों को लालच और डर दिखाकर धर्मांतरण के लिए प्रेरित कर रहा था। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मकान मालिक समेत 16 लोगों को हिरासत में ले लिया।


सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने बताया कि रविवार सुबह वसंत विहार क्षेत्र में धर्मांतरण को लेकर हंगामे की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान सामने आया कि सूर्या विहार रॉयल पैलेस के पीछे रहने वाले जेम्स सिंह ने अपने निजी मकान को प्रार्थना भवन का रूप दे रखा था। आरोप है कि वह अपने घर में नियमित रूप से प्रार्थना सभाएं आयोजित करता था, जहां हिंदू समाज के लोगों को बुलाया जाता था। पुलिस के अनुसार इन सभाओं में शामिल लोगों को विभिन्न प्रकार के प्रलोभन दिए जाते थे और धर्मांतरण के लिए मानसिक दबाव बनाया जाता था। कुछ लोगों को डराने-धमकाने की बात भी सामने आई है। रविवार को भी जेम्स सिंह के मकान में बड़ी संख्या में लोग प्रार्थना के लिए एकत्र हुए थे। इसकी भनक लगते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और प्रलोभन देकर धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया। मौके पर तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने हस्तक्षेप किया और समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद मकान मालिक जेम्स सिंह समेत 16 लोगों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। सभी से पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद पुलिस ने मकान मालिक और अन्य आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 299 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

आउटर कॉलोनियों और ग्रामीण इलाकों में बढ़ रहे धर्मांतरण के मामले

शहर के आउटर क्षेत्र में बसी कॉलोनियों और ग्रामीण इलाकों में प्रलोभन देकर धर्मांतरण के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। बीते दो महीनों में जिले में ऐसे चार मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें एक मामला सिरगिट्टी क्षेत्र का है, जबकि तीन मामले मस्तूरी और पचपेड़ी क्षेत्र से सामने आए हैं। इन सभी मामलों में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS