Explore

Search

January 19, 2026 4:20 pm

104 लोगों की सनातन धर्म में घर वापसी, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव बोले: छत्तीसगढ़ को बंगाल नहीं बनने देंगे

सराईपाली। मां रूद्रेश्वरी की पावन धरा पर स्थित स्वामी सुमेधानंद वैदिक गुरुकुल, कटंगपाली में पांच दिवसीय संगीतमय वैदिक श्रीराम कथा एवं विश्व कल्याण महायज्ञ का भव्य आयोजन किया गया। महर्षि दयानंद मठ धर्मार्थ ट्रस्ट एवं समस्त सनातन समाज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान अखिल भारतीय घर वापसी अभियान के प्रमुख एवं भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ के उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने 50 से अधिक परिवारों के कुल 104 लोगों की विधिवत सनातन धर्म में घर वापसी कराई।

घर वापसी कार्यक्रम वैदिक परंपराओं के अनुरूप पैर पखारकर श्रद्धा, भक्ति और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान धार्मिक अनुष्ठान और संस्कार विधि से कराए गए, जिससे पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण निर्मित हो गया। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और सनातन समाज के लोगों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में हरियाणा से आईं कथा वाचिका विदुषी अंजली आर्या, रविन्द्रदास महाराज, यज्ञ के ब्रह्मा डॉ. कमल नारायण आर्य, आचार्य राकेश आर्य, कपिल शास्त्री, ठाकुर राम, चतुर्भुज आर्य, ऋषि राज, मदन अग्रवाल, अंजू गावेल, रिंकू पाण्डेय, एम लक्ष्मी, नंदलाल यादव सहित अनेक संत-महात्मा, संन्यासी, आचार्य, विभिन्न धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, जनजातीय सामाजिक कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभा को संबोधित करते हुए प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि धर्मांतरण के कारण देश की जनसांख्यिकी में तेजी से बदलाव हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि भारत के 800 जिलों में से करीब 200 जिलों में हिंदू अल्पमत में आ चुके हैं, जो राष्ट्र सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि देश से बड़ा कुछ नहीं होता और देश की सुरक्षा सर्वोपरि है। धर्मांतरण को उन्होंने देश के लिए बड़ा खतरा बताते हुए कहा कि हिंदुओं का जनसांख्यिकी परिवर्तन राष्ट्र के लिए संकट बनता जा रहा है।


उन्होंने यह भी कहा कि वे अपने पिता स्व. कुमार दिलीप सिंह जूदेव के राष्ट्र निर्माण के संकल्प घर वापसी अभियान को जीवन पर्यंत आगे बढ़ाते रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने समाज से एकजुट होकर सनातन संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया। शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS