Explore

Search

January 25, 2026 11:48 pm

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय, बिलासपुर में अभ्युदय स्मारक का अनावरण

बिलासपुर।दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय, बिलासपुर में अभ्युदय स्मारक का अनावरण महाप्रबंधक तरुण प्रकाश द्वारा किया गया। यह स्मारक दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रेल कर्मयोगियों की मेहनत, समर्पण और कौशल को समर्पित है, जिनके निरंतर प्रयासों से रेलवे प्रगति के पथ पर अग्रसर है।

इस अवसर पर महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने कहा कि अभ्युदय स्मारक कर्तव्यनिष्ठा, सामूहिक संकल्प और सतत परिश्रम का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि इस स्मारक का निर्माण वैगन रिपेयर शॉप रायपुर तथा बिलासपुर रेल मंडल के रेल कर्मयोगियों द्वारा वेस्ट मटेरियल के नवोन्मेषी और रचनात्मक उपयोग से किया गया है। यह पहल पर्यावरण संरक्षण संसाधनों के पुनः उपयोग और सतत विकास के प्रति दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

स्मारक के केंद्र में निर्मित ट्रेन आधुनिक सुरक्षित और तीव्र परिवहन व्यवस्था का प्रतीक है, जो बेहतर यात्री सेवाओं और लोगों को स्थानों एवं अवसरों से जोड़ने में भारतीय रेल की भूमिका को रेखांकित करती है। इसके अग्रभाग में स्थापित गोलाकार स्टील प्लेटें मजबूती और औद्योगिक शक्ति का संकेत देती हैं, जबकि पृष्ठभूमि में दर्शाया गया कोयला ऊर्जा आवश्यकताओं और औद्योगिक विकास का प्रतीक है।

स्मारक के पीछे निर्मित स्तंभ और ऊपर स्थित आर्च मजबूत आधार योजनाबद्ध विकास तथा निरंतर सुधार की भावना को दर्शाते हैं। वहीं स्मारक के शिखर पर स्थापित बाज शक्ति सामर्थ्य सतर्कता और देश के नागरिकों के बड़े सपनों का प्रतीक है जो यह संदेश देता है कि विकास की उड़ान में आकाश भी सीमा नहीं है।

अभ्युदय स्मारक उन सभी रेल कर्मयोगियों को समर्पित है, जिनकी निष्ठा और परिश्रम से यात्रियों और माल का सुरक्षित, सुगम एवं समयबद्ध परिवहन संभव हो पाता है। उनका संकल्प जब राष्ट्र की आवश्यकताओं से जुड़ता है, तब कोई भी लक्ष्य असाध्य नहीं रहता।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS