Explore

Search

December 6, 2025 2:06 am

शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म, जुर्म दर्ज होते ही घर के सामने छोड़कर भागा

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग को शादी का झांसा देकर भगाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत, तकनीकी जांच और किशोरी के बयान के आधार पर पुलिस ने बहतराई अटल आवास निवासी 22 वर्षीय शुभम ठाकुर को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार एक दिसंबर को सरकंडा क्षेत्र की 14 वर्षीय किशोरी अचानक घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने आसपास तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने सरकंडा थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर नाबालिग की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान जांच में पता चला कि किशोरी मोबाइल फोन के माध्यम से बहतराई अटल आवास में रहने वाले युवक शुभम ठाकुर के संपर्क में थी। पुलिस जब युवक के घर पहुंची तो वह वहां से गायब मिला। इसके बाद पुलिस ने उसके मोबाइल की लोकेशन, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्य की मदद से उसकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस की बढ़ती दबिश का अंदाजा लगते ही आरोपी घबरा गया और नाबालिग को चुपके से उसके घर के सामने छोड़कर वहां से फरार हो गया। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी जिसके बाद टीम किशोरी को थाने लेकर आई और पूछताछ की। पूछताछ में किशोरी ने बताया कि युवक ने उसे शादी का भरोसा देकर अपने साथ ले गया था और इस दौरान उसने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। किशोरी के बयान के बाद पहले दर्ज अपहरण के मामले में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ दी गईं। सीएसपी निमितेष सिंह ने बताया कि किशोरी के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी शुभम ठाकुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने उसे जेल भेजने के आदेश दे दिए हैं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS