Explore

Search

October 26, 2026 5:11 am

शादी का झांसा देकर नाबालिग को ले गया चैन्नई, आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। सरकंडा क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर युवक चैन्नई ले गया और वहां उसे एक फैक्ट्री में काम पर लगा दिया। इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब नाबालिग के परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत मोपका चौकी में दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया है।



मोपका चौकी प्रभारी भावेश शेंडे ने बताया कि सरकंडा क्षेत्र में रहने वाली नाबालिग 26 मई को बिना किसी को बताए घर से निकल गई थी। परिजनों ने जब उसकी काफी खोजबीन की और कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने मोपका चौकी में इसकी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अपहरण का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि नाबालिग चैन्नई में है और वहां वह किसी युवक के साथ रह रही है। सूचना के आधार पर पुलिस की टीम चैन्नई रवाना हुई और वहां से नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि उसकी पहचान बलरामपुर जिले के बसंतपुर बाजारपारा निवासी विक्रम पासवान (20) से थी। आरोपी ने उसे शादी का झांसा देकर बहलाया और अपने साथ चैन्नई ले गया, जहां उसने उसे एक कार्टून फैक्ट्री में काम पर लगा दिया।

नाबालिग के बयान और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी विक्रम पासवान के खिलाफ अपहरण और  बीएनएस की धारा 87 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS