Explore

Search

October 26, 2026 10:16 am

गुटखा थूकने के चक्कर में हुआ बड़ा हादसा, छह बार पलटी कार; व्यवसायी की मौत, दो घायल

बिलासपुर। तेज रफ्तार में चल रही कार का दरवाजा खोलकर गुटखा थूकना एक व्यवसायी को भारी पड़ गया। गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और सड़क पर छह बार पलट गई। हादसे में एक व्यवसायी की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना चकरभाठा थाना क्षेत्र स्थित गुरुनानक ढाबा के पास की है। पूरी घटना ढाबा में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चकरभाठा निवासी जय किशन गेही (30) की जींस की दुकान है। रविवार की रात वे सिरगिट्टी क्षेत्र के एक बार में पार्टी करने पहुंचे थे। देर रात उन्होंने अपने दोस्तों को बुलाया। इसके बाद आकाश चंदानी और पंकज कुमार छाबड़ा उन्हें लेने पहुंचे। रात करीब 12 बजे तीनों कार से चकरभाठा लौट रहे थे। कार को आकाश चला रहा था।

गुरुनानक ढाबा के पास पहुंचने पर आकाश ने चलती कार का दरवाजा खोलकर गुटखा थूकने की कोशिश की, जिससे तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार छह बार पलटी और सड़क किनारे जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार सवार तीनों युवक सड़क पर फेंक दिए गए। हादसे में जय किशन गेही की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आकाश और पंकज को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज जब्त कर ली गई है। उसके आधार पर पूरे हादसे की जांच की जा रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS