Explore

Search

April 26, 2026 8:27 am

उधारी की रकम लौटाने के बाद भी मांगे रुपये, ट्रांसपोर्टर की पिटाई

बिलासपुर। दोस्त से लिए उधार की रकम चुकाने के बावजूद एक युवक को दोबारा रुपये मांगना महंगा पड़ गया। उधारी लौटाने के बाद जब उसने रकम देने में असमर्थता जताई तो दोस्त ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। इतना ही नहीं, लेन-देन के विवाद में दूसरे युवक ने भी प्लास्टिक पाइप से उसकी पिटाई की। पीड़ित ने घटना की शिकायत सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मुंगेली जिले के सोनारपारा निवासी प्रतीक सोनी ट्रेवल एजेंसी संचालित करते हैं। वह पिछले दस साल से दीनदयाल कॉलोनी में किराए के मकान में रहते हैं और अपनी कार किराए पर चलाते हैं। प्रतीक ने विशाल केशरवानी से 1.10 लाख रुपये उधार लिए थे। विशाल के कहने पर प्रतीक ने 85 हजार रुपये आशीष साहू के अकाउंट में ट्रांसफर कर दिए और शेष रकम नकद लौटा दी।

रविवार को विशाल ने प्रतीक को बातचीत के लिए बाजपेयी मैदान बुलाया। प्रतीक अपनी पत्नी शुभांगी के साथ वहां पहुंचे, जहां विशाल, आशीष और उनके कुछ साथी पहले से मौजूद थे। वहां रुपये को लेकर विवाद बढ़ गया और विशाल ने प्रतीक के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद विशाल वहां से चला गया, लेकिन आशीष ने रुपये को लेकर दोबारा बहस शुरू कर दी और प्लास्टिक पाइप से प्रतीक की पिटाई कर दी। इस दौरान आशीष के दोस्तों ने प्रतीक को पकड़ रखा था।

मारपीट के दौरान प्रतीक के गले से सोने की चेन गिर गई। किसी तरह वह वहां से बचकर निकले और सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने विशाल, आशीष और उनके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS