
जनजातीय अंचल में खेलों के जरिए बदलाव की नई लहर, दौरा प्रेरणादायी : मुख्यमंत्री

खेलों के माध्यम से सकारात्मक बदलाव की मजबूत नींव : मुख्यमंत्री
रायपुर।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भारत रत्न एवं क्रिकेट के महानायक सचिन तेंदुलकर के बस्तर आगमन को बदलते हुए बस्तर की सशक्त पहचान बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि दंतेवाड़ा जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र छिंदनार में तेंदुलकर का आगमन उस नए बस्तर की तस्वीर प्रस्तुत करता है, जो भय और असुरक्षा से निकलकर विकास, अवसर और आत्मविश्वास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार की पहल से बस्तर के युवाओं को नई दिशा मिलेगी और वे अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित होंगे। उन्होंने कहा कि तेंदुलकर द्वारा बच्चों के बीच समय बिताना, उन्हें खेलों के प्रति प्रेरित करना और आत्मविश्वास का संचार करना अत्यंत प्रभावशाली है। इससे खेल प्रतिभाओं को अवसर मिलने के साथ ही अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक ऊर्जा का विकास होगा।
उन्होंने कहा कि सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन एवं माणदेशी फाउंडेशन द्वारा संचालित मैदान कप अभियान खेल अधोसंरचना के विकास की दिशा में दूरदर्शी पहल है। विशेषकर जनजातीय अंचलों में बच्चों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने का यह प्रयास उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
दंतेवाड़ा में मल्टी-स्पोर्ट्स ग्राउंड का उद्घाटन

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के छिंदनार स्थित स्वामी आत्मानंद हिन्दी मिडियम हाई स्कूल में सचिन तेंदुलकर ने मल्टी-स्पोर्ट्स ग्राउंड का उद्घाटन किया। इस अवसर पर चेतना सिन्हा भी उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के दौरान तेंदुलकर ने बच्चों के साथ रस्साकशी, वॉलीबॉल, दौड़ और खो-खो जैसे खेलों में भाग लेकर उनका उत्साहवर्धन किया। बच्चों में टीम भावना, आत्मविश्वास और खेल भावना का विकास देखने को मिला।
कड़ी मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा ही सफलता की कुंजी

इस अवसर पर सचिन तेंदुलकर ने कहा कि भविष्य के चैंपियन तैयार करने के लिए केवल जुनून नहीं, बल्कि मजबूत खेल सुविधाएं भी आवश्यक हैं। उन्होंने बच्चों को विभिन्न खेलों में भाग लेने की सलाह देते हुए कहा कि इससे मानसिक और रणनीतिक क्षमता विकसित होती है।
उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में कड़ी मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा का संगम ही सफलता दिलाता है तथा किसी भी प्रकार का शॉर्टकट अपनाने से बचना चाहिए।
50 गांवों में विकसित होंगे खेल मैदान

फाउंडेशन की पहल के तहत क्षेत्र के लगभग 50 गांवों में खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं, जहां क्रिकेट के साथ फुटबॉल और कबड्डी को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
कार्यक्रम के समापन पर जिला प्रशासन द्वारा तेंदुलकर को टेराकोटा एवं लौह शिल्प भेंट कर सम्मानित किया गया।

कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने कहा कि बस्तर अब शांति और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है तथा यहां के बच्चों में अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि उचित मार्गदर्शन मिलने पर बस्तर के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
इस अवसर पर कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह, आईजी बस्तर सुंदरराज पी, पुलिस अधीक्षक गौरव राय, जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा, डीएफओ रामकृष्ण रगंनाथा वाय, सहित जनप्रतिनिधि, सचिन एवं माणदेशी फाउंडेशन के कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।
प्रधान संपादक


