रायगढ़, 8 मार्च। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला पुलिस रायगढ़ द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम में महिला सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वर्षभर अपने कर्तव्यों का उत्कृष्ट निर्वहन करने वाली महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न श्रेणियों में चयनित कर सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और अनिल विश्वकर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, डीएसपी प्रभात कुमार पटेल, उत्तम प्रताप सिंह, सिद्दांत तिवारी, सुशांतो बनर्जी तथा आर.आई. अमित सिंह मौजूद रहे। अधिकारियों ने महिला पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिला पुलिसकर्मी समाज में नारी सशक्तिकरण की मजबूत मिसाल हैं। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं पुलिस, सेना सहित कई ऐसे क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं, जिन्हें पहले पुरुष प्रधान माना जाता था। देश की महिलाएं समाज में सकारात्मक बदलाव की अग्रदूत बन रही हैं और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने कार्यक्रम के माध्यम से सभी महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।


कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने केक काटकर महिला दिवस का उत्सव मनाया और विभाग के प्रति अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का संकल्प लिया।
इस मौके पर महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रायगढ़ पुलिस ने हेलो सिस्टर नाम से विशेष महिला पुलिस टीम के गठन की घोषणा की। इस एक्सक्लूसिव टीम का नेतृत्व डीएसपी उन्नति ठाकुर करेंगी। टीम के लिए 9479270533 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है, जो 24 घंटे सक्रिय रहेगा। जिले में कहीं से भी कोई महिला इस नंबर पर कॉल कर पुलिस सहायता प्राप्त कर सकेगी। कॉल प्राप्त होने पर टीम पीड़ित महिला से तुरंत संपर्क कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएगी।


कार्यक्रम में निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर, उप निरीक्षक वीणा साहू, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे, प्रधान आरक्षक जेनिपा पन्ना, महिला आरक्षक अनिता बेक, ममता साहू, मेनका चौहान, सुप्रिया सिदार, श्यामा सिदार सहित अन्य महिला पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहीं।
प्रधान संपादक


