
“कमिश्नर आईपीएस डॉ. शुक्ला ने यह भी कहा कि रायपुर पुलिस ऐसे नागरिकों को प्रोत्साहित करती रहेगी, जो आपात परिस्थितियों में जिम्मेदारी और साहस का परिचय देते हैं”

“पेट्रोल पंप में आगजनी की घटना में तत्काल बहादुरी पूर्वक आग बुझाकर वहाँ बड़ी दुर्घटना को होने से रोकने वाले कर्मचारियों का हुआ सम्मान,प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर किया गया सम्मानित”
रायपुर। शहर में नागरिक सुरक्षा और सतर्कता को बढ़ावा देने की दिशा में रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने एक अनुकरणीय पहल करते हुए पेट्रोल पंप पर आगजनी की घटना में साहस दिखाने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया। उनका यह कदम न केवल बहादुरी के सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि समाज में जिम्मेदार व्यवहार के प्रति जागरूकता का संदेश भी देता है।
उरला थाना क्षेत्र के कर्मा चौक स्थित संगीता पेट्रोल पंप पर 18 फरवरी 2026 को मोटरसाइकिल में पेट्रोल भरवाने के दौरान लापरवाही से लगी आग कुछ ही पलों में गंभीर दुर्घटना में बदल सकती थी। आग ने मोटर साइकिल की टंकी के साथ पेट्रोल मशीन के नोजल को भी चपेट में ले लिया था, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

ऐसे संकटपूर्ण समय में पेट्रोल पंप कर्मचारी चुड़ामणी देवांगन एवं जितेन्द्र गिरी गोस्वामी ने असाधारण सूझबूझ और साहस का परिचय दिया। दोनों ने बिना घबराए तत्काल अग्निशमन यंत्र का उपयोग कर आग पर काबू पाया और एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया।
इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने दोनों कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संकट के समय त्वरित निर्णय और निडरता ही वास्तविक बहादुरी होती है। उन्होंने पेट्रोल पंप कर्मचारियों की सतर्कता को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
डॉ. शुक्ला ने यह भी कहा कि रायपुर पुलिस ऐसे नागरिकों को प्रोत्साहित करती रहेगी, जो आपात परिस्थितियों में जिम्मेदारी और साहस का परिचय देते हैं। उनके अनुसार, इस तरह के सम्मान समाज में सकारात्मक सोच और सुरक्षा के प्रति जागरूकता को मजबूत करते हैं।
प्रधान संपादक


