Explore

Search

February 22, 2026 12:35 pm

बरात में बजाया धुमाल, आयोजक और संचालक पर जुर्म दर्ज

बिलासपुर। तिफरा क्षेत्र के सेक्टर-डी स्थित एक वैवाहिक कार्यक्रम में तेज आवाज में धुमाल बजाने और सड़क पर अवरोध पैदा करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। सिरगिट्टी पुलिस ने बरात के आयोजक और धुमाल संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर धुमाल जब्त कर लिया है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तिफरा के सेक्टर-डी स्थित राजवाड़ा पैलेस में शुक्रवार को एक शादी समारोह आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में बरात के दौरान तेज आवाज में धुमाल बजाया जा रहा था। धुमाल बजाने के कारण आसपास के लोगों को परेशानी हो रही थी और सड़क पर यातायात भी प्रभावित हो रहा था। स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत सिरगिट्टी थाने में की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। बताया जाता है कि बरात में धुमाल बजाने के लिए बेमेतरा जिले के नांदघाट थाना क्षेत्र के खेड़ा गांव निवासी गजेंद्र वर्मा ने धुमाल बुक किया था। धुमाल का संचालन उसलापुर निवासी राकेश मनहर कर रहा था। तेज आवाज और सड़क पर भीड़ के कारण स्थिति अव्यवस्थित हो गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस स्थिति का जायजा ले ही रही थी कि उसी दौरान तारबाहर थाने में पदस्थ एसआई एचआर वर्मा भी वहां पहुंच गए। बताया जा रहा है कि उनके रिश्तेदार के घर पर ही यह वैवाहिक कार्यक्रम आयोजित था। यह जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम वहां से लौट गई। हालांकि मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों तक पहुंच गई। इसके बाद शनिवार सुबह सिरगिट्टी पुलिस ने पूरे मामले की जांच की और कार्रवाई करते हुए आयोजक गजेंद्र वर्मा तथा धुमाल संचालक राकेश मनहर के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया। पुलिस ने कार्यक्रम में उपयोग किए जा रहे धुमाल को भी जब्त कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर तेज ध्वनि में डीजे या धुमाल बजाने और सड़क बाधित करने की अनुमति नहीं है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS