दपूमरे, नागपुर मंडल। 22 फरवरी 2026।दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट, राजनांदगांव द्वारा रविवार को “फिट इंडिया संडे ऑन साइकिलिंग” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मंडल सुरक्षा आयुक्त, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर दीप चंद्र आर्य के निर्देशन में तथा रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट, राजनांदगांव की निरीक्षक प्रभारी सुश्री तरुणा साहू के नेतृत्व में प्रातः 7:30 बजे दिग्विजय स्टेडियम, बी-ब्लॉक, राजनांदगांव में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) राजनांदगांव के अधिकारी एवं कर्मचारी, स्टेशन मास्टर राजनांदगांव बर्मन, सीटीआई श्रीमती रेखा पदम जीबी, रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी एवं जवान, प्रशिक्षक, वार्डन, बास्केटबॉल के बालक खिलाड़ी तथा भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) अकादमी के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

इस अवसर पर साइकिलिंग के माध्यम से शारीरिक फिटनेस, नियमित व्यायाम एवं स्वस्थ जीवनशैली के महत्व को रेखांकित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य रेलवे सुरक्षा बल के जवानों के साथ-साथ युवाओं और आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा। प्रतिभागियों ने फिट रहने एवं दैनिक जीवन में व्यायाम को अपनाने का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम के समापन पर रेलवे सुरक्षा बल द्वारा प्रतिभागियों को स्वास्थ्यवर्धक फल एवं जूस का वितरण किया गया। पूरा आयोजन शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुआ, जिससे समाज में स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक संदेश का प्रसार हुआ।
प्रधान संपादक


