Explore

Search

May 25, 2026 4:50 am

रुपयों के विवाद में पति ने पत्नी पर किया धारदार हथियार से हमला, बाद में खुद को भी पहुंचाई चोट

बिलासपुर। मंगला चौक क्षेत्र में रुपयों के लेनदेन को लेकर हुआ मामूली घरेलू विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। गुस्से में आकर पति ने अपनी ही पत्नी पर धारदार नुकीली वस्तु से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद कानूनी कार्रवाई से बचने की मंशा से आरोपी पति ने खुद को भी उसी हथियार से घायल कर लिया। सास की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगला चौक निवासी मंगली बाई बंसोड (70) अपनी बेटी और दामाद कंत लाल बंसोड के साथ रहती हैं। परिवार भिक्षा मांगकर कर जीवन यापन करता है। रविवार सुबह करीब 10 बजे घर में रुपयों को लेकर विवाद शुरू हुआ। मंगली बाई की बेटी को अपने कुछ रुपये नहीं मिल रहे थे, इसी बात पर दामाद कंत लाल से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और आरोपी दामाद ने पत्नी को अश्लील गालियां देना शुरू कर दिया। जब पत्नी ने इसका विरोध किया, तो आरोपी और अधिक आक्रोशित हो गया। उसने जान से मारने की धमकी देते हुए पास पड़ी किसी नुकीली धारदार वस्तु से पत्नी के चेहरे पर वार कर दिया। अचानक हुए इस हमले में महिला लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। घटना से घर में अफरा-तफरी मच गई। पत्नी पर हमला करने के बाद आरोपी कंत लाल घबरा गया। पुलिसिया कार्रवाई के डर से उसने उसी धारदार वस्तु से अपने सीने और दोनों भुजाओं पर भी वार कर खुद को गंभीर रूप से घायल कर लिया। मौके पर मौजूद सास मंगली बाई ने साहस दिखाते हुए बीच-बचाव किया और शोर मचाकर आसपास के लोगों को मौके पर बुलाया। सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की मदद से घायल महिला और आरोपी पति दोनों को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार महिला के चेहरे पर गंभीर चोट आई है, वहीं आरोपी के भी सीने और हाथों में गहरे घाव हैं। सिविल लाइन पुलिस ने मंगली बाई की शिकायत पर आरोपी दामाद के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। उपचार के बाद आरोपों की पुष्टि और बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS