बिलासपुर। शुक्रवार को शहर में आगजनी की दो अलग-अलग घटनाओं से हड़कंप मच गया। पहली घटना व्यापार विहार स्थित कास्मेटिक के गोदाम में दोपहर के समय हुई, जबकि दूसरी घटना देर रात सीएमडी चौक के पास स्थित एक क्लीनिक में सामने आई। दोनों ही मामलों में फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया, हालांकि नुकसान का आंकलन फिलहाल नहीं हो सका है।

व्यापार विहार स्थित नीरज ट्रेडर्स के कास्मेटिक गोदाम से शुक्रवार की दोपहर धुआं निकलता देख आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। गोदाम की दूसरी मंजिल पर लगी आग पर काबू पाने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। आसपास के लोगों और व्यापारियों की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक गोदाम में रखा कास्मेटिक का अधिकांश सामान जलकर खाक हो चुका था। आग की घटना से व्यापार विहार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के व्यापारियों ने एहतियातन अपना सामान बाहर निकालना शुरू कर दिया। गोदाम मालिक ने बताया कि आग से हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी शनिवार को पुलिस को दी जाएगी। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। इधर, घटना के बाद व्यापार विहार के व्यापारियों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। बिलासपुर मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद मेघानी ने कहा कि व्यापार विहार में पहले भी आगजनी की घटनाएं हो चुकी हैं। व्यापारियों ने कई बार यहां फायर स्टेशन स्थापित करने की मांग की है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई। उन्होंने बताया कि व्यापार विहार संभाग का सबसे बड़ा थोक बाजार है, जहां से बिलासपुर और सरगुजा संभाग में आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई होती है, इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
दूसरी घटना शुक्रवार की देर रात सीएमडी चौक स्थित जैन प्लाजा में सामने आई। वहां स्थित एक क्लीनिक से धुआं निकलते देख गार्ड ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के साथ ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने क्लीनिक का शटर तोड़कर अंदर घुसकर आग बुझाने का प्रयास किया। देर रात तक चली मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। प्राथमिक जांच में शार्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आग की घटना में कांप्लेक्स की केवल एक दुकान प्रभावित हुई है। घटना के समय आसपास के दुकान संचालक भी मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस दोनों ही मामलों में आग लगने के कारणों और नुकसान का आंकलन कर रही है।
प्रधान संपादक

