Explore

Search

March 6, 2026 2:03 am

नशे में धुत्त दुल्हा पहुंचा बारात लेकर, युवती ने शादी से किया इन्कार

बिलासपुर। सरकंडा क्षेत्र की एक युवती का प्रेम विवाह ठीक शादी से कुछ घंटे पहले टूट गया, जब दुल्हा नशे में धुत्त हालत में बरात लेकर मंडप पहुंचा। अशोभनीय हरकतें देख युवती ने तत्काल शादी से इन्कार कर दिया। इसके बाद दुल्हा और उसके परिजन युवती के परिवार को फोन पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने लगे। शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जुर्म दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सरकंडा क्षेत्र में रहने वाली युवती ओडिशा के एक निजी स्कूल में शिक्षिका है। वहां रहने के दौरान उसकी पहचान ओडिशा के बंधबाहाल निवासी किशन सिंह से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध शुरू हो गए। दोनों ने परिवार की रजामंदी से विवाह करने का फैसला किया। बातचीत के बाद दोनों पक्षों ने 26 नवंबर को सगाई और 27 नवंबर को शादी तय कर ली। आयोजन के लिए बिरकोना रोड स्थित अशोक वाटिका विवाह भवन भी बुक कर लिया गया था। सगाई के लिए वर पक्ष को 26 नवंबर की दोपहर बिलासपुर पहुंचना था, लेकिन वे निर्धारित समय से करीब आठ घंटे देर से रात लगभग 10 बजे पहुंचे। इस दौरान दुल्हा किशन सिंह शराब के नशे में धुत्त था और ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। उसकी हरकतों को देखकर युवती और उसके परिजन दंग रह गए। परिजनों से बातचीत के बाद युवती ने उसी समय शादी से इन्कार कर दिया। निर्णय का परिवार ने भी समर्थन किया।
शादी टूटते ही नाराज दुल्हा और उसके परिजन युवती के पिता, मां व अन्य परिजनों को फोन पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने लगे। स्थिति बिगड़ने पर युवती का परिवार विवाह भवन छोड़कर घर लौट आया। अगले दिन शाम करीब सात बजे किशन ने युवती के भाई को भी कॉल कर शादी कराने का दबाव डाला और मना करने पर उसे भी जान से मारने की धमकी दी।
लगातार मिल रही धमकियों से परेशान युवती ने पूरे मामले की शिकायत सरकंडा थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी किशन सिंह पर गाली-गलौज और धमकी देने के मामले में जुर्म दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS