Explore

Search

October 20, 2026 11:18 pm

प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने आए छात्र पर धारदार हथियार से हमला

बिलासपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार की शाम प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे एक छात्र पर मोहल्ले के ही युवक ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल छात्र को उसके दोस्तों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल ने घटना की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जुर्म दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जशपुर जिले के बागबहार थाना क्षेत्र के माकरचुवां निवासी सनत कुमार भगत बिलासपुर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। वे नारियल कोठी स्थित अनिल मिश्रा के मकान में किराए से रहते हैं। रविवार की शाम वे सामान लेने पास की दुकान गए थे। सामान खरीदकर लौटते समय वे अपने एक परिचित से मोबाइल पर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान उसी मोहल्ले में रहने वाला युवक चप्पू सोनकर वहां पहुंचा। उसने छात्र सनत कुमार से ऊपरी मंजिल में जाकर बात करने की बात कही। इस पर छात्र ने शांति से जवाब देते हुए कहा कि वह अपने दोस्त से बातचीत कर रहा है और उसे बाद में बात करने दे। इसी बात को लेकर चप्पू सोनकर भड़क गया और उसने छात्र को धमकाना शुरू कर दिया। विवाद बढ़ता देख छात्र ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी आक्रोशित हो गया। गाली-गलौज के बाद चप्पू ने छात्र के साथ मारपीट शुरू कर दी। झगड़े के बीच उसने जेब में रखे नुकीले हथियार से छात्र पर वार कर दिया। अचानक हुए हमले में सनत कुमार लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। उन्हें खून से लथपथ देख मौके पर मौजूद उनके दोस्तों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनका इलाज किया। इलाज के बाद छात्र ने कोतवाली थाने पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी चप्पू सोनकर के खिलाफ मारपीट, धमकी और नुकीले हथियार से हमला करने के आरोप में अपराध दर्ज कर लिया है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS