Explore

Search

April 20, 2026 10:23 am

डीजे में नाचते युवकों के बीच मारपीट, भतीजे को बचाने पहुंचे युवक की चाकू मारकर हत्या

बिलासपुर। बिल्हा थाना क्षेत्र के ग्राम खपरी में शादी समारोह के दौरान हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। डीजे में नाच रहे युवकों के बीच शुरू हुई कहासुनी के बाद मारपीट और चाकूबाजी में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका भतीजा घायल हो गया। पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ हत्या, मारपीट और बलवा की धारा में अपराध दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य की तलाश जारी है।

ग्राम खपरी निवासी कुश यादव (21) अपने पिता के साथ आटो चलाने का काम करता है। गुरुवार रात वह अपने दोस्त बादल निषाद की शादी में शामिल होने गया था। चुलमाटी निकालने के दौरान बाराती डीजे में नाचते हुए भीम पटेल के घर के पास पहुंचे। यहां आशीक निषाद, देव यादव, संदीप निषाद, ओम पटेल, गोल्ठा निषाद सहित कई युवक पहले से नाच रहे थे। कुश भी उनके साथ शामिल हो गया। इसी दौरान नाचते समय कुश का हाथ संदीप निषाद से टकरा गया। इस पर संदीप भड़क गया और उसने कुश को मां-बहन की गालियां देते हुए थप्पड़ मार दिया। देखते ही देखते ओम पटेल और गोल्ठा निषाद भी विवाद में कूद पड़े और कुश से मारपीट करने लगे। हंगामे के दौरान बरतोरी गांव के सूरज यादव और अर्जुन यादव भी मौके पर पहुंच गए। दोनों ने भी कुश को गाली-गलौज करते हुए उस पर हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। मारपीट के बीच संदीप ने कुश का गला पकड़कर उसे जोर से जमीन पर पटक दिया, जिससे उसके सिर के पीछे गंभीर चोट लगी। घटना देख कुश के चाचा बड़कू उर्फ़ रामभजन यादव बीच-बचाव करने पहुंचे। उन्हें शांत कराने के बजाय पांचों आरोपियों ने मिलकर उन पर हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान अर्जुन यादव ने अपने पास रखे चाकू से बड़कू पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। उसने चाचा के बाएं सीने, माथे और आंख के नीचे तीन बार हमला किया। बड़कू लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद भीम पटेल, विजय निषाद और रामभरोस ने किसी तरह घायल बड़कू को संभाला और उन्हें तत्काल बिल्हा अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं कुश के सिर में भी चोट पाई गई है।
पुलिस ने संदीप निषाद, गोल्ठा निषाद, ओम पटेल, अर्जुन यादव और सूरज यादव के खिलाफ हत्या, मारपीट और बलवा की धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य की तलाश की जा रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS