Explore

Search

January 19, 2026 10:43 pm

इंजीनियर ने की आत्महत्या, नोयडा की युवती के खिलाफ जुर्म दर्ज

बिलासपुर। सिविल लाइन क्षेत्र के अग्रसेन चौक के पास रहने वाले एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने 27 सितंबर को ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद से पुलिस मामले की जांच में जुटी थी। अब युवक के पास मिले सुसाइड नोट और मोबाइल स्क्रीन पर लिखे मैसेज के आधार पर पुलिस ने नोयडा में रहने वाली एक युवती के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का जुर्म दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपित युवती के संबंध में जानकारी एकत्र कर रही है।

सिविल लाइन पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, साकेत अपार्टमेंट में रहने वाले गौरव सवन्नी (30) सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे और नोयडा की एक प्राइवेट फर्म में काम करते थे। कुछ महीने से वे घर पर रहकर वर्क फ्राम होम कर रहे थे। वे 27 सितंबर की शाम करीब सात बजे किसी बात से नाराज होकर घर से निकल गए थे। शाम तक जब वे घर नहीं लौटे तो परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। रात करीब 12 बजे उसलापुर रेलवे ट्रैक के पास उनकी लाश मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो उनकी जेब से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। इसमें गौरव ने अपनी मौत का कारण नोयडा में रहने वाली प्रियंका नामक युवती को बताया था। मोबाइल की स्क्रीन पर भी युवती द्वारा परेशान किए जाने का जिक्र मिला। सुसाइड नोट में लिखा था कि युवती लगातार उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थी, जिसके चलते वे अवसाद में थे। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ समय पहले युवती ने नोयडा में गौरव के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में उन्हें जेल भी जाना पड़ा था। बाद में न्यायालय से जमानत मिलने पर वे बिलासपुर लौट आए थे और घर से ही नौकरी कर रहे थे। परिवार और पुलिस के अनुसार, जमानत के बाद से युवती उन्हें लगातार फोन कर परेशान कर रही थी, जिससे वे मानसिक तनाव में थे। पुलिस ने सुसाइड नोट, मैसेज और परिजनों के बयान के आधार पर युवती प्रियंका सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। सिविल लाइन टीआई सुम्मत साहू ने बताया कि केस दर्ज होने के बाद आरोपित को गिरफ्तार करने  पुलिस टीम को नोयडा भेजा जाएगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS