Explore

Search

March 6, 2026 8:20 am

सूटकेस में मिली पति की लाश, पत्नी फरार , पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला, तलाश में टीमें रवाना

जशपुर। दुलदुला थाना क्षेत्र के भिंजपुर गांव में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गांव के एक मकान में एक व्यक्ति की लाश सूटकेस में बंद मिली है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। प्रथम दृष्टया पत्नी पर ही हत्या का शक जताया जा रहा है। घटना के बाद से महिला फरार है।

जानकारी के अनुसार, प्रार्थी विनोद मिंज निवासी भिंजपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका छोटा भाई संतोष भगत अपनी पत्नी के साथ अलग रहता था। दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। मृतक की पत्नी आरोपिया मुंबई में काम करती थी और कुछ दिन पहले ही गांव लौटी थी।

बताया जा रहा है कि 7 नवंबर की रात दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। झगड़े के दौरान महिला ने अपनी मंझली बेटी जो कोरबा में रहती है को फोन किया था। बेटी के मुताबिक फोन पर माता-पिता के बीच विवाद की आवाजें आ रही थीं, लेकिन किसी ने बात नहीं की और कुछ देर में फोन कट गया।

अगले दिन 8 नवंबर को आरोपिया ने खुद अपनी बेटी को फोन कर बताया कि उसने अपने पति की हत्या कर दी है और शव को सूटकेस में बंद कर दिया है। यह सुनकर बेटी घबरा गई और अपने पति के साथ 9 नवंबर को गांव पहुंचकर बड़े पिताजी विनोद मिंज को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने थाना दुलदुला में रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। घर की तलाशी के दौरान एक बड़ा गहरे लाल रंग का ट्रॉली सूटकेस मिला। जब पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में उसे खोला तो अंदर कम्बल में लिपटा संतोष भगत का शव मिला। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्यवाही की गई।

मामले में पुलिस ने आरोपिया पत्नी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपिया फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस शशि मोहन सिंह ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपिया की तलाश में पुलिस टीम महाराष्ट्र रवाना की गई है। गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा हो पाएगा ।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS