Explore

Search

November 6, 2026 10:48 am

छात्रों के दो गुट में भिड़ंत, स्कूल में चली लाठियां-डंडे, कई घायल

बिलासपुर। तखतपुर स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल गुरुवार को अखाड़ा बन गया, जब छात्रों के दो गुट आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट के दौरान लाठियां और डंडे चलने लगे। इस दौरान कई छात्र घायल हो गए और कुछ लहूलुहान हालत में स्कूल प्रबंधन की मदद से अस्पताल पहुंचाए गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और हालात काबू में किए।



तखतपुर थाना प्रभारी अनिल अग्रवाल ने बताया कि दोपहर को सरकारी स्कूल में छात्रों के बीच मारपीट की सूचना मिली थी। सूचना पर टीम स्कूल पहुंची तो दोनों गुटों में तनाव की स्थिति थी। पुलिस ने समझाइश देकर छात्रों को अलग किया। इस बीच मारपीट की खबर लगते ही छात्रों के परिजन भी स्कूल पहुंच गए। माहौल बिगड़ता देख पुलिस की टीम ने परिजन की मौजूदगी में दोनों पक्ष के छात्रों को थाने लाया और वहां पूछताछ शुरू की। प्रारंभिक जांच में घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। आशंका जताई जा रही है कि विवाद में बाहरी लोग भी शामिल थे। पुलिस ने एक पक्ष की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है, जबकि दूसरे पक्ष की शिकायत पर जांच जारी है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामला नाबालिगों से जुड़ा होने के कारण किशोर न्याय बोर्ड के नियमों के तहत कार्रवाई की जा रही है।

छात्रों का इलाज और परिजनों की शिकायतें
मारपीट के दौरान दोनों गुटों के कई छात्रों को गंभीर चोटें आईं। घायलों का प्राथमिक उपचार कराया गया है और फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है। थाने में पहुंचे परिजनों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दोनों पक्ष का कहना है कि उनके बच्चों को बेवजह पीटा गया।

किसी छात्रा को लेकर बढ़ा विवाद
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि विवाद की जड़ किसी छात्रा से जुड़ा हो सकता है। हालांकि इस संबंध में कोई विशेष जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल पुलिस सभी छात्रों और उनके परिजनों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि तथ्यों के आधार पर आगे और एफआईआर दर्ज की जा सकती है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS