CBN36 जांजगीर-चांपा, 17 अक्टूबर 2026। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में मारपीट और हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने रिपोर्ट दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा, बटनदार चाकू और पिस्टलनुमा लाइटर जब्त किया है।
पैसे मांगकर बुलाया, फिर की मारपीट
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 15 अक्टूबर 2026 की रात करीब 12:30 बजे की है। प्रार्थी अपने घर पर था, तभी आरोपी आसिफ खान ने उसे फोन कर बुलाया और बीटीआई चौक से बड़े नहर पुल की ओर ले गया। वहां पैसों की मांग को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि पैसे नहीं देने पर आसिफ ने डंडे से मारपीट की और धारदार बटनदार चाकू से जान से मारने की नीयत से हमला किया।
इसी दौरान प्रार्थी ने बचाव के लिए अपना मोबाइल फोन निकाला, जिसे आरोपी ने पटककर तोड़ दिया। इसके बाद सतीश यादव उर्फ बाटा अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा। आरोप है कि सतीश और उमाशंकर यादव ने भी डंडे से मारपीट की। इस दौरान सतीश ने कमर के पास रखा कट्टे जैसा हथियार निकालकर प्रार्थी की ओर फायर किया। चोट लगने से प्रार्थी बेहोश होकर गिर गया। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर पकड़ा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आईपीएस विजय पांडेय अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेंडन यॉर्क और नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे को घटना की जानकारी दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की और उन्हें अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में मारपीट करने की बात स्वीकार की। आरोपियों के कब्जे से डंडा, बटनदार चाकू और पिस्टलनुमा लाइटर जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
- सतीश यादव उर्फ बाटा (32 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 21, आईबी रेस्ट हाउस के पास, जांजगीर।
- आसिफ खान (25 वर्ष), निवासी पुरानी बस्ती, नैला।
- उमाशंकर यादव उर्फ बाबा (28 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 20, खड़पड़ीपारा, जांजगीर।
पुलिस की अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि पैसों के लेनदेन से जुड़े विवादों का समाधान कानून के दायरे में रहकर करें। मारपीट, हथियारों से डराने-धमकाने और कानून-व्यवस्था भंग करने वाली गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रधान संपादक