Explore

Search

October 9, 2026 8:08 pm

हुनर से दिया हरियाली और वन्यजीव बचाने का संदेश, विद्यार्थियों को किया सम्मानित

वन्यजीव सप्ताह का समापन: शॉर्ट फिल्म में देवेश मिंज और निबंध में श्रेया साहू ने मारी बाजी

CBN36 रायपुर, 9 अक्टूबर। कला, कल्पनाशीलता और रचनात्मकता के जरिए विद्यार्थियों ने वन्यजीव संरक्षण का संदेश दिया। नवा रायपुर स्थित अरण्य भवन के दंडकारण्य सभागार में वन्यजीव सप्ताह के समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। सप्ताहभर चली गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने प्रकृति, जैव विविधता और वन्यजीवों के प्राकृतिक आवासों को बचाने का महत्व समझा।

वन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग और रायपुर वनमंडल ने कलिंगा विश्वविद्यालय के हरित समूह एवं प्राणीशास्त्र विभाग के सहयोग से 2 से 8 अक्टूबर तक वन्यजीव सप्ताह मनाया। इस वर्ष की थीम ‘जुड़ते प्राकृतिक आवास, फलते-फूलते वन्यजीव’ रखी गई। समारोह में प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख अरुण कुमार पाण्डेय सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

रचनात्मक गतिविधियों से बढ़ाई जागरूकता

वन्यजीव सप्ताह के दौरान विद्यार्थियों ने कागज की आकृतियां और घोंसलों के प्रतिरूप बनाए। इसके अलावा बीजगोलक निर्माण, वन्यजीव छायाचित्रण और प्रकृति भ्रमण जैसी गतिविधियों में भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों को वन्यजीवों के संरक्षण और उनके प्राकृतिक आवासों को सुरक्षित रखने के प्रति जागरूक करना था।

शॉर्ट फिल्म में देवेश, निबंध में श्रेया प्रथम

शॉर्ट फिल्म मेकिंग प्रतियोगिता में कलिंगा विश्वविद्यालय के देवेश मिंज ने पहला, सिद्धांत नागपुरे ने दूसरा और वर्षा साहू ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, निबंध प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय की श्रेया साहू प्रथम रहीं। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, उपरवारा की शैल्या साहू ने दूसरा और पीएम श्री स्वामी आत्मानंद विद्यालय, माना कैंप के आकाश दास ने तीसरा स्थान हासिल किया।

पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, माना कैंप की हेमा और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गनोद की दीपिका साहू को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। आयोजन के जरिए विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने और जैव विविधता के प्रति जिम्मेदारी का एहसास कराने का प्रयास किया गया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS