Explore

Search

September 24, 2026 10:09 pm

गणेश विसर्जन से पहले बलौदाबाजार में पुलिस का फ्लैग मार्च, 50 से अधिक जवानों ने संभाला मोर्चा

संवेदनशील मार्गों और प्रमुख चौराहों पर पैदल गश्त, उपद्रवियों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी

CBN36 बलौदाबाजार। गणेश उत्सव विसर्जन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। गुरुवार शाम शहर में पुलिस ने भव्य फ्लैग मार्च निकालकर कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी मुस्तैदी का संदेश दिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खोमन सिन्हा के नेतृत्व में निकले फ्लैग मार्च में 50 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान शामिल हुए।

पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में शाम करीब छह बजे पुलिस लाइन से फ्लैग मार्च शुरू हुआ। पुलिसकर्मियों की टुकड़ी ने शहर के मुख्य मार्गों, संवेदनशील इलाकों और प्रमुख चौराहों पर पैदल गश्त की। मार्च गार्डन चौक, नया बस स्टैंड और प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों से होते हुए डॉ. भीमराव आंबेडकर चौक पहुंचकर समाप्त हुआ।

उपद्रव किया तो होगी सख्त कार्रवाई

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने असामाजिक और उपद्रवी तत्वों को स्पष्ट संदेश दिया कि विसर्जन के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस की संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रहेगी। माहौल बिगाड़ने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

वहीं पुलिस ने गणेश उत्सव समितियों, श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से विसर्जन पर्व को शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।

यातायात के लिए विशेष रूट और पार्किंग व्यवस्था

विसर्जन झांकियों को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारी की गई है। उप पुलिस अधीक्षक यातायात मोनिका मरावी ने बताया कि झांकियों के सुगम आवागमन के लिए विशेष रूट प्लान तैयार किया गया है। साथ ही पार्किंग स्थल भी निर्धारित किए गए हैं, जिससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

फ्लैग मार्च में एसडीओपी बलौदाबाजार उषा सोंधिया, डीएसपी यातायात मोनिका मरावी, रक्षित निरीक्षक सहित पुलिस अधिकारी और 50 से अधिक जवान शामिल रहे। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना तत्काल 112 हेल्पलाइन अथवा नजदीकी पुलिस थाने को दें।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS