दिशा समिति की बैठक में आजीविका, आवास, सड़क, सिंचाई, स्वच्छता और पोषण योजनाओं की समीक्षा
CBN36 गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री और बिलासपुर सांसद तोखन साहू ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक ली। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने और निर्माण कार्यों को तय समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान मंत्री ने स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने स्थानीय संसाधनों के आधार पर महिलाओं की आय बढ़ाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
अधूरे आवास और शौचालय जल्द पूरे करने के निर्देश
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा में निर्माणाधीन आवासों को जल्द पूरा कराने और हितग्राहियों को आवश्यक सहयोग देने के निर्देश दिए गए। व्यक्तिगत और सामुदायिक शौचालयों के लंबित कार्य भी प्राथमिकता से पूरा करने को कहा गया। पीएम जनमन योजना के तहत बन रहे संपर्क मार्गों की समीक्षा करते हुए विभागीय समन्वय से बाधाएं दूर करने और सड़कों का गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विष्णुभोग धान की पहचान को मिलेगा बढ़ावा
मंत्री ने जिले में जैविक खेती को बढ़ावा देने और किसानों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। उन्होंने जिले की पहचान विष्णुभोग धान-चावल की उत्पादकता बढ़ाने, प्रसंस्करण को प्रोत्साहित करने और बेहतर विपणन व्यवस्था विकसित करने के लिए ठोस कदम उठाने को कहा।
सिंचाई, स्वास्थ्य और पोषण पर फोकस
जल निकायों की मरम्मत और पुनर्निर्माण को प्राथमिकता देकर सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के निर्देश दिए गए। पशुओं को संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए टीकाकरण अभियान चलाने, कुपोषित बच्चों के पोषण स्तर में सुधार, टीबी उन्मूलन और मलेरिया नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया। जिले में सभी पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने पर भी जोर दिया गया।
लंबित राजस्व प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण
मंत्री साहू ने कहा कि सुशासन तिहार के दौरान मिले अधिकांश प्रकरण राजस्व विभाग से संबंधित हैं। उन्होंने नक्शा-बटांकन, सीमांकन, नामांतरण और त्रुटि सुधार समेत लंबित राजस्व प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
स्कूलों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश
सार्वजनिक वितरण प्रणाली की समीक्षा में उचित मूल्य दुकानों पर खाद्यान्न की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को स्कूलों का नियमित निरीक्षण करने, बच्चों व शिक्षकों की उपस्थिति, पढ़ाई और मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था की निगरानी करने के निर्देश दिए गए। बोर्ड परीक्षा परिणाम बेहतर करने के लिए विशेष प्रयास करने को भी कहा गया।
64 हजार से अधिक जॉबकार्डधारी परिवार
बैठक में बताया गया कि वीबी-जी रामजी योजना के तहत जिले में 64 हजार 174 जॉबकार्डधारी परिवार पंजीकृत हैं। वर्ष 2026-27 में अब तक 9 लाख 96 हजार मानव दिवस का सृजन किया जा चुका है। बिहान समूह से जुड़ी 18 हजार 148 दीदियां लखपति दीदी की श्रेणी में शामिल हो चुकी हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले में अब तक 46 हजार 151 आवास पूरे हो चुके हैं। पीएम जनमन योजना के तहत स्वीकृत 1,080 आवासों में से 865 पूरे हो चुके हैं। सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत 36 हजार 924 हितग्राहियों को पेंशन का लाभ मिल रहा है।
53 हजार हेक्टेयर से अधिक में खरीफ बोनी
कृषि विभाग के अनुसार खरीफ 2026 में 58 हजार 693 हेक्टेयर के लक्ष्य के विरुद्ध 53 हजार 99 हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी पूरी हो चुकी है। जिले में 839 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं, जहां 23 हजार 993 बच्चे दर्ज हैं। बच्चों और गर्भवती महिलाओं को नियमित पूरक पोषण आहार दिया जा रहा है।
69 हजार से अधिक घरों में पहुंचा नल का पानी
आयुष्मान भारत योजना के तहत जिले में 3 लाख 16 हजार 675 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। 24 हजार 248 पात्र लोगों के कार्ड बनना अभी बाकी हैं। मंत्री ने शेष पात्र लोगों के कार्ड जल्द बनाने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन के तहत स्वीकृत 563 योजनाओं में से 245 पूरी हो चुकी हैं। 84 हजार 901 घरों के लक्ष्य के विरुद्ध 69 हजार 808 घरों में नल कनेक्शन दिए जा चुके हैं। इनमें 55 हजार 800 कनेक्शन क्रियाशील हैं।
जिले में 209 उचित मूल्य दुकानें संचालित हैं और कुल 1 लाख 16 हजार 319 राशन कार्डधारक हैं। बैठक में सभी विभागों को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विधायक कोटा अटल श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा, नगर पालिका अध्यक्ष गौरेला मुकेश दुबे, नगर पालिका अध्यक्ष पेंड्रा राकेश जालान, जनपद पंचायत अध्यक्ष गौरेला शिवनाथ बघेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष मरवाही जानकी कुशरो, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
प्रधान संपादक




