दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिजनों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की
रायपुर, 05 जुलाई 2026।राज्यपाल रमेन डेका ने पद्म विभूषण से सम्मानित एवं विश्वविख्यात पंडवानी गायिका डॉ. तीजन बाई के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
राज्यपाल श्री डेका ने अपने शोक संदेश में कहा कि डॉ. तीजन बाई का निधन छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, कला जगत और पूरे देश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपनी अद्वितीय गायन शैली, असाधारण प्रतिभा तथा लोक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया। लोककला के क्षेत्र में उनका अतुलनीय योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
राज्यपाल ने कहा कि डॉ. तीजन बाई ने अपना संपूर्ण जीवन पंडवानी जैसी समृद्ध लोक परंपरा के संरक्षण, संवर्धन और प्रसार के लिए समर्पित किया। उन्होंने अपनी कला साधना से छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को विश्व मंच पर विशिष्ट पहचान दिलाई। उनका प्रेरणादायी व्यक्तित्व, कला के प्रति समर्पण और सांस्कृतिक योगदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।
राज्यपाल ने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों, उनके असंख्य प्रशंसकों तथा समस्त लोककला जगत को इस गहन दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
प्रधान संपादक


