
“एसएसपी भोजराम पटेल ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि पुलिस परिवार के बच्चों को बेहतर मार्गदर्शन और अवसर मिल सके”
मुंगेली।पुलिस परिवार कल्याण योजना के अंतर्गत मुंगेली पुलिस द्वारा एक अभिनव पहल करते हुए पुलिस कर्मियों के 23 बच्चों को स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डा रायपुर का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ उन्हें उड्डयन एवं रक्षा क्षेत्र में करियर के प्रति प्रेरित करना रहा।

यह आयोजन पुलिस महानिदेशक आईपीएस अरुण देव गौतम के संरक्षण एवं पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग के निर्देशन एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को हवाई अड्डे की कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था तथा विमान संचालन की बारीकियों की जानकारी दी गई। साथ ही भारतीय वायु सेना, थल सेना, नौसेना, तटरक्षक बल, नागरिक उड्डयन तथा सीआईएसएफ में उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों से भी अवगत कराया गया।

कार्यक्रम का समन्वय जिला पुलिस मुंगेली द्वारा बीसीएएस रायपुर के सहयोग से किया गया। इस दौरान छात्रों को फाइटर पायलट विंग कमांडर विवेक कुमार साहू एवं अन्य वायुसेना अधिकारियों से सीधे संवाद का अवसर मिला। अधिकारियों ने पायलट एवं तकनीकी विशेषज्ञ बनने की प्रक्रिया, आवश्यक शैक्षणिक योग्यता, शारीरिक मापदंड एवं चिकित्सा मानकों की विस्तृत जानकारी दी।

विद्यार्थियों को प्रशिक्षण विमान का अवलोकन भी कराया गया, जहां उन्होंने कॉकपिट के उपकरणों एवं नियंत्रण प्रणाली को करीब से देखा। यह अनुभव उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायक रहा और उनमें उड्डयन क्षेत्र में करियर बनाने के प्रति नई उत्सुकता जागृत हुई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस भोजराम पटेल ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि पुलिस परिवार के बच्चों को बेहतर मार्गदर्शन और अवसर मिल सके। यह पहल न केवल ज्ञानवर्धक साबित हुई, बल्कि बच्चों के भविष्य को नई दिशा देने में भी सहायक रही।
प्रधान संपादक


