Explore

Search

May 20, 2026 6:03 pm

बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट से रात्रि उड़ान सेवा का शुभारंभ, मुख्यमंत्री ने  भरी पहली रात की उड़ान,रायपुर के लिए रवाना हुए

31 करोड़ की लागत से 3 सी आईएफआर अपग्रेड, अब रात में भी उड़ानें संभव

रायपुर।बिलासपुर स्थित बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट से रात्रिकालीन उड़ान सेवा की ऐतिहासिक शुरुआत हो गई। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नाइट ऑपरेशन्स का लोकार्पण करते हुए स्वयं पहली रात्रि उड़ान से रायपुर के लिए प्रस्थान किया। इस दौरान विधायक धर्मजीत सिंह भी उनके साथ मौजूद रहे।

एयरपोर्ट को 3 सी श्रेणी से उन्नत कर 3 सी आईएफ़आर श्रेणी में विकसित करने का कार्य लगभग 31 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण किया गया है। उन्नयन के पश्चात महानिदेशालय नागरिक उड्डयन डीजीसीए द्वारा 6 फरवरी 2026 को रात्रिकालीन संचालन की अनुमति प्रदान की गई, जिससे अब यहां रात में भी विमान सेवाएं संचालित हो सकेंगी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि इस नई सुविधा से निर्धारित उड़ानों के साथ-साथ आपातकालीन एवं मेडिकल फ्लाइट्स का संचालन भी रात्रि में संभव होगा, जिससे जीवनरक्षक सेवाओं को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि बेहतर हवाई संपर्क से व्यापार, पर्यटन और निवेश को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्रीय विकास को नई गति प्राप्त होगी। साथ ही उन्होंने नागरिकों से इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।समारोह को केंद्रीय राज्य मंत्री तोख़न साहू तथा विधायक धरमलाल कौशिक ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर विधायक अमर अग्रवाल सुशांत शुक्ला, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, संभागायुक्त सुनील जैन, आईजी रेंज राम गोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसपी रजनीश सिंह तथा एयरपोर्ट डायरेक्टर एन. वीरेंद्र सिंह सहित अनेक जन प्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS