बिलासपुर। सरकंडा क्षेत्र में वार्ड ब्वाय से चाकू की नोंक पर 50 हजार रुपये लूटने का मामला सामने आया है। घटना की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आदतन बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के अनुसार, लंबोदर नगर फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी हेमंत कुमार यादव स्वास्थ्य विभाग में वार्ड ब्वाय हैं और उनकी पदस्थापना सिरगिट्टी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में है। घटना मंगलवार सुबह की है, जब उनकी पत्नी मायके गई हुई थी। सुबह करीब आठ बजे हेमंत नूतन चौक के पास चाय पीने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि हेमंत ने घर में रखे 50 हजार रुपये लोवर की जेब में रख लिए थे। चाय दुकान संचालक की नजर उनकी जेब पर पड़ी तो उसने रुपये देखने की बात कही और गिनकर वापस कर दिए। इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाला अतुल यादव वहां पहुंचा और हेमंत को चाकू दिखाकर डराया। आरोपी ने धमकाते हुए उनसे पूरे रुपये छीन लिए और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद डरे-सहमे सरकंडा थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। बुधवार सुबह पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी अतुल यादव को पकड़ लिया और थाने ले आई। पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से सात हजार 400 रुपये बरामद किए गए। बाकि रकम उसने खर्च कर दी थी। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
प्रधान संपादक


