Explore

Search

March 28, 2026 4:51 pm

चखना दुकान संचालक पर कटर से हमला, आरोपित गिरफ्तार

बिलासपुर। शहर के तारबाहर थाना क्षेत्र में पुराना बस स्टैंड के पास चखना दुकान संचालक पर धारदार कटर से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुराना बस स्टैंड के पास चखना दुकान संचालित करने वाले जीत्तू छाबड़ा ने घटना की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि गुरुवार रात दुकान बंद करने के बाद वे घर जाने के लिए निकले थे, जबकि उनका छोटा भाई जैकी छाबड़ा दुकान के पास ही रुक गया था। इसी दौरान देवरीखुर्द निवासी भुनेश्वर पटेल वहां पहुंचा और जैकी से शराब पीने के लिए रुपये मांगने लगा। जैकी द्वारा रुपये देने से मना करने पर आरोपी भड़क गया। गुस्से में आकर उसने अपनी जेब से धारदार कटर निकाला और जैकी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में जैकी के गले सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलने पर तारबाहर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी की तलाश करते हुए उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने हमला करना स्वीकार किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS