रायपुर, 19 मार्च 2026। युवाओं को रोजगार संबंधी जानकारी सुलभ कराने के उद्देश्य से एक उल्लेखनीय पहल के तहत झारखंड के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की टीम ने छत्तीसगढ़ संवाद द्वारा प्रकाशित साप्ताहिक पत्रिका ‘रोजगार और नियोजन’ का अवलोकन किया। इस दौरान टीम को पत्रिका की संरचना, विषय-वस्तु तथा युवाओं के लिए इसकी उपयोगिता के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
छत्तीसगढ़ संवाद की सहायक संपादक श्रीमती गीतांजली नेताम ने टीम को बताया कि पत्रिका में सरकारी नौकरियों, विभिन्न योजनाओं, प्रतियोगी परीक्षाओं और कैरियर मार्गदर्शन से संबंधित सामग्री एक ही स्थान पर व्यवस्थित रूप से उपलब्ध कराई जाती है, जिससे युवाओं को तैयारी में विशेष सुविधा मिलती है।
झारखंड से आए प्रतिनिधिमंडल में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के डिप्टी डायरेक्टर आनंद कुमार, विभागीय प्रतिनिधि श्रीमती सुनीता धान तथा विधि सलाहकार अमन कुमार शामिल थे। टीम के सदस्यों ने ‘रोजगार और नियोजन’ पत्रिका की सराहना करते हुए इसे युवाओं के लिए उपयोगी प्रकाशन बताया।

अधिकारियों ने बताया कि झारखंड में भी इसी प्रकार की विश्वसनीय और संगठित रोजगार संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसी पत्रिका प्रकाशित करने की योजना पर विचार किया जा रहा है। इसके लिए वे इस पत्रिका की प्रति राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को प्रस्तुत करेंगे।
टीम ने उम्मीद जताई कि यदि यह योजना साकार होती है, तो झारखंड के हजारों युवाओं को समय पर और सटीक जानकारी प्राप्त होगी, जिससे उनके भविष्य निर्माण में सकारात्मक योगदान मिलेगा। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ संवाद से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
प्रधान संपादक


