Explore

Search

March 4, 2026 10:54 pm

होली पर्व के मद्देनज़र अवैध शराब परिवहन पर सरकण्डा पुलिस की कार्रवाई,141 पाव देशी प्लेन शराब एक ई-रिक्शा जप्त

बिलासपुर। होली पर्व के दौरान अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सरकण्डा पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 141 पाव देशी प्लेन शराब एवं एक ई-रिक्शा जप्त किया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में होली पर्व को शांतिपूर्वक सम्पन्न कराने हेतु अवैध नशे के कारोबारियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल एवं सीएसपी सिविल लाइन-सरकण्डा निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना सरकण्डा क्षेत्र में सतत पेट्रोलिंग की जा रही है।

इसी क्रम में 3 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि दो व्यक्ति ईमलीभाठा अटल आवास के पास बोरी में भरकर अवैध शराब ई-रिक्शा से होली पर्व में बिक्री के उद्देश्य से ले जा रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को पकड़ा गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।

पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम शेखर गढ़ेवाल (21 वर्ष), निवासी छोटी कोनी, बिलासपुर बताया। पूछताछ एवं तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 141 पाव देशी प्लेन शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 11,280 रुपये है, बरामद की गई। पुलिस ने शराब एवं प्रयुक्त ई-रिक्शा को विधिवत जप्त कर लिया है।

आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 59(क) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया गया तथा न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि त्यौहार के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS