Explore

Search

February 22, 2026 2:27 pm

लाखों के धान की हेराफेरी, खरीदी केंद्र प्रभारी समेत चार गिरफ्तार

बिलासपुर। बिल्हा क्षेत्र में धान खरीदी से जुड़ा बड़ा गबन सामने आया है। राइस मिल के मुंशी ने खरीदी केंद्र के प्रभारी और कंप्यूटर ऑपरेटर के साथ मिलकर करीब नौ लाख रुपये के धान की हेराफेरी कर दी। मामले का खुलासा होने पर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस के अनुसार बिल्हा क्षेत्र के कुंआ निवासी धर्मराज सिंह ने अपने राइस मिल में कार्यरत मुंशी श्यामसुंदर अग्रवाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि मुंशी ने बिना अनुमति फर्जी दस्तावेज तैयार कर धान उठाव कर लिया। इस शिकायत के बाद बिल्हा पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि मुंशी श्यामसुंदर अग्रवाल ने महावीर एग्रो इंडस्ट्रीज के नाम से फर्जी डीओ लेटर और गेट पास तैयार किए। इन दस्तावेजों के आधार पर उसने धान उपार्जन केंद्र बोड़सरा और बिटकुली से धान निकलवा लिया। दोनों केंद्रों से 180-180 क्विंटल, कुल 360 क्विंटल धान उठाया गया, जिसकी कीमत करीब नौ लाख रुपये बताई जा रही है। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी मुंशी को रायपुर के सिलतरा इलाके से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने पूरे मामले का खुलासा किया। उसने बताया कि बोड़सरा धान खरीदी केंद्र के कंप्यूटर ऑपरेटर धनंजय यादव और प्रभारी प्रबंधक अशोक मरावी के साथ मिलकर 180 क्विंटल धान की हेराफेरी की गई। इसके अलावा बिटकुली केंद्र के प्रभारी प्रबंधक ललित बघेल की मिलीभगत से 180 क्विंटल धान और निकाला गया। आरोपियों ने धान को राइस मिल में जमा कराने के बजाय दूसरी जगह बेच दिया। इससे मिल संचालक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ। जांच में मिली जानकारी और सबूतों के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस मामले में श्यामसुंदर अग्रवाल, अशोक कुमार मरावी, ललित कुमार बघेल और धनंजय यादव को आरोपी बनाया है। चारों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में लाई जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS