छत्तीसगढ़ बिलासपुर।बेलगहना चौकी क्षेत्र में पुलिस डॉग स्क्वाड की सतर्कता और सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। दो दिनों से लापता व्यक्ति को पुलिस डॉग विमला ने लगभग 10 किलोमीटर दूर घने जंगल से अचेत अवस्था में खोज निकाला। समय पर की गई इस कार्रवाई से गुमशुदा व्यक्ति की जान बच सकी।
ग्राम डांडबछाली निवासी 48 वर्षीय तरुण सिदार 19 फरवरी की सुबह खेत जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों द्वारा खोजबीन के दौरान जानकारी मिली कि तरुण सिदार को उसी दिन ग्राम तुलुफ के खेत में अपने साथियों के साथ शराब पीते हुए देखा गया था। अनहोनी की आशंका पर 21 फरवरी को चौकी बेलगहना में गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर सघन तलाश शुरू की गई। संदिग्ध स्थल पर तलाशी के दौरान तरुण सिदार की टोपी और चप्पल बरामद हुई, जिसके बाद डॉग स्क्वाड को मौके पर बुलाया गया।
बिलासपुर से पहुंचे पुलिस डॉग विमला ने बरामद वस्तुओं को सूंघते हुए घटनास्थल से आगे का रास्ता पकड़ा और करीब 10 किलोमीटर दूर पहाड़बछाली के घने जंगलों तक टीम को पहुंचाया। जंगल के बीच तरुण सिदार अचेत अवस्था में मिले, जिन्हें तत्काल बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया गया।
होश में आने पर तरुण सिदार ने बताया कि अत्यधिक शराब सेवन के कारण वह रास्ता भटक गए और दो दिनों तक जंगल में भूखे-प्यासे रहे। पुलिस के अनुसार यदि बरामदगी में और देरी होती तो जंगल में उनकी जान को गंभीर खतरा हो सकता था।
इस पूरे अभियान में पुलिस डॉग विमला की भूमिका सराहनीय रही। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी पुलिस डॉग स्क्वाड की मदद से बेलगहना क्षेत्र में कई मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा किया जा चुका है।
प्रधान संपादक


