Explore

Search

June 11, 2026 10:35 am

दुष्कर्म पीड़ित नाबालिग ने बच्चे को दिया जन्म, अस्पताल में चल रहा इलाज

बिलासपुर। कोटा क्षेत्र में रहने वाली 14 साल की नाबालिग बालिका को शादी का झांसा देकर एक युवक ने शारीरिक शोषण किया। इससे नाबालिग गर्भवती हो गई। बालिका ने जब इस संबंध में अपने परिजन को जानकारी दी तो पूरा मामला थाने पहुंचा। बालिका की जांच और बयान के बाद पुलिस ने जुर्म दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। इधर, नाबालिग बालिका ने दो दिन पहले शहर के एक अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया है। डॉक्टरों के अनुसार, मां और नवजात दोनों की स्थिति सामान्य है और दोनों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, कोटा क्षेत्र में रहने वाले एक ग्रामीण ने अगस्त महीने में अपनी बेटी के शारीरिक शोषण की शिकायत थाने में की थी। ग्रामीण ने बताया कि उसकी 14 साल की बेटी घर पर ही रहकर घरेलू काम करती थी। इसी दौरान गांव के ही एक युवक ने इस स्थिति का फायदा उठाया और उससे नजदीकी बढ़ा ली। युवक ने शादी की बात कहकर उसका भरोसा जीता और उसके बाद उसके साथ शारीरिक शोषण करना शुरू कर दिया। युवक द्वारा कई बार शारीरिक संबंध बनाए जाने से किशोरी गर्भवती हो गई। कुछ समय बाद बालिका ने अपनी स्थिति की जानकारी अपनी  एक रिश्तेदार महिला को दी। महिला ने उसे तत्काल अस्पताल जाकर जांच कराने की सलाह दी। इसके बाद बालिका रिश्तेदार महिला के साथ अस्पताल पहुंची, जहां जांच के दौरान डॉक्टरों ने उसके गर्भवती होने की पुष्टि कर दी। इसके बाद महिला ने पूरे मामले की जानकारी बालिका के पिता को दी। परिजनों द्वारा पूछताछ किए जाने पर बालिका ने बताया कि युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए हैं। इसके बाद परिजनों ने पूरे मामले की शिकायत कोटा थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने नाबालिग बालिका का बयान दर्ज किया और उसका मेडिकल परीक्षण कराया। जांच में गर्भवती होने की पुष्टि होने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में जुर्म दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को शहर लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। कानूनी प्रक्रिया के तहत पुलिस ने नाबालिग बालिका को बाल संरक्षण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया। समिति द्वारा आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालिका को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। दिसंबर महीने में गर्भावस्था के अंतिम चरण में परिजनों ने बालिका को शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही पूरे मामले की जानकारी अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों को दी गई।इसके बाद डॉक्टरों की निगरानी में नाबालिग का सुरक्षित प्रसव कराया गया। प्रसव के बाद से बालिका और नवजात दोनों अस्पताल में भर्ती हैं। चिकित्सकों के अनुसार, दोनों की स्थिति फिलहाल सामान्य है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS