Explore

Search

October 28, 2026 9:06 am

प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर 34 हजार की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लोन दिलाने के नाम पर गांव के भोले-भाले लोगों से धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। खुद को बैंक का अधिकारी बताकर ठगी करने वाले आरोपी सहित उसके सहयोगी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।

दुर्ग जिले के बोरी थाना अंतर्गत लिटिया सेमरिया चौकी क्षेत्र के बड़े टेमरी निवासी निजेन्द्र बारले (36) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि चेतन कुमार वर्मा नामक युवक ने खुद को बैंक का अधिकारी बताकर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लोन दिलाने के नाम पर दस्तावेज शुल्क, खाता खुलवाने व अन्य प्रक्रियाओं के नाम पर उनसे कुल 34 हजार रुपये की ठगी की। आरोपी ने फोन के माध्यम से पैसे की मांग की और खाते में रकम डलवाकर रकम हड़प ली। मामले में तीन जून को अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में सामने आया कि चेतन वर्मा राजनांदगांव के विभिन्न गांवों में स्कॉर्पियो किराए पर लेकर घूम रहा था। वह ग्रामीणों को लोन दिलाने का झांसा देता था। वह लोगों से फॉर्म भरवाकर नगद राशि वसूलता और ऑनलाइन पेमेंट अपने सहयोगी अतेश गंजीर के मोबाइल से स्कैनर के जरिए प्राप्त करता था। बाद में दोनों इस रकम को आपस में बराबर-बराबर बांटते थे। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी चेतन कुमार वर्मा (28), निवासी ग्राम तिलईभाठ, जिला राजनांदगांव और अतेश गंजीर (33 वर्ष), निवासी ग्राम फरहद, जिला राजनांदगांव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी संतोष साहू, आरक्षक शोभित सिंहा, जीवन जंघेल व खेमराज यादव की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों ने इस तरह की ठगी और कितने लोगों से की है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS