
आत्मसमर्पित माओवादियों की निशानदेही पर नक्सल सेल, डीआरजी, बस्तर फाइटर्स और बीडीएस की संयुक्त कार्रवाई
CBN36 कोंडागांव। नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत कोंडागांव पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। मर्दापाल थाना क्षेत्र के ग्राम कोरमेल और पुसपाल मोखामारी के जंगल-पहाड़ी इलाके में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। कार्रवाई आत्मसमर्पित माओवादियों की निशानदेही पर की गई।
पुलिस के मुताबिक, 5 सितंबर को नक्सल सेल, डीआरजी, बस्तर फाइटर्स और बीडीएस की संयुक्त टीम मर्दापाल क्षेत्र के जंगलों में सर्चिंग के लिए रवाना हुई थी। ग्राम पुसपाल मोखामारी के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र की घेराबंदी कर डी-माइनिंग और सर्चिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान नक्सलियों का डंप बरामद हुआ।
बरामद सामग्री में 9 एमएम की एक पिस्टल, 160 जिलेटिन रॉड, इलेक्ट्रिक और नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 40 कमर्शियल डेटोनेटर, छह वॉकी-टॉकी, इलेक्ट्रिक वायर, सेफ्टी फ्यूज और अन्य सामान शामिल हैं। पुलिस ने कुल करीब 30 किलो विस्फोटक सामग्री बरामद की है।
मौके पर नष्ट किया 10 किलो का टिफिन आईईडी
सर्चिंग के दौरान तीन टिफिन बम भी बरामद हुए, जिनका कुल वजन करीब 10 किलो बताया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर बीडीएस टीम ने मौके पर ही टिफिन आईईडी को सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया। इससे जंगल में छिपाकर रखे गए विस्फोटक के जरिए किसी बड़े नुकसान की साजिश को नाकाम किया गया।
नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में जिले के संवेदनशील जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में नक्सलियों द्वारा डंप किए गए हथियार, आईईडी और अन्य सामग्री की तलाश लगातार जारी है। पुलिस का कहना है कि आत्मसमर्पित माओवादियों से मिल रही सूचनाओं के आधार पर ऐसे इलाकों में लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
कार्रवाई बस्तर रेंज के आईजी बद्री नारायण मीणा और कोंडागांव एसपी पंकज चंद्रा के निर्देशन में हुई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन में एसडीओपी मर्दापाल नरेंद्र पुजारी और डीएसपी (ऑप्स नोडल) सिद्धार्थ बघेल के पर्यवेक्षण में टीम ने कार्रवाई की। नक्सल सेल प्रभारी आलोक साहू और मर्दापाल थाना प्रभारी भुनेश्वर नाग के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने बरामदगी की।
प्रधान संपादक




