
एसईसीएल डीएवी में द्रोणाचार्य संगम शिक्षक सम्मान समारोह, उत्कृष्ट योगदान के लिए शिक्षक सम्मानित
CBN36 बिलासपुर। शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबों का ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व और भविष्य की नींव भी तैयार करते हैं। विद्यार्थी जीवन में शिक्षक से मिली सीख का असर पूरे जीवन पर रहता है। यह बात छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने रविवार को एसईसीएल डीएवी विद्यालय बिलासपुर में आयोजित द्रोणाचार्य संगम शिक्षक सम्मान समारोह में कही।
कार्यक्रम में राज्यपाल ने एसईसीएल के विभिन्न संचालन क्षेत्रों के अंतर्गत संचालित डीएवी विद्यालयों के शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट योगदान और समर्पण के लिए सम्मानित किया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत के द्वितीय राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर राज्यपाल और अन्य अतिथियों द्वारा माल्यार्पण के साथ हुई।
सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं

राज्यपाल रमेन डेका ने विद्यार्थियों को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने का कोई छोटा रास्ता नहीं होता। इसके लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और लगन जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को आलस्य और काम को टालने की आदत से बचने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि सीखने की प्रक्रिया कभी खत्म नहीं होती। व्यक्ति को जीवनभर कुछ नया सीखने और अपने ज्ञान को लगातार बढ़ाने के लिए तैयार रहना चाहिए।
समाज के लिए क्या किया, इस पर करें विचार

राज्यपाल ने विद्यार्थियों को समाज और राष्ट्र के प्रति उनके दायित्वों का भी बोध कराया। उन्होंने कहा कि हमें यह नहीं सोचना चाहिए कि समाज ने हमारे लिए क्या किया, बल्कि यह विचार करना चाहिए कि हमने समाज के लिए क्या किया है। विद्यार्थियों को अपनी शिक्षा, ज्ञान और क्षमता का इस्तेमाल समाज और राष्ट्र के हित में करना चाहिए।
शिक्षक सम्मान से बढ़ता है मनोबल

द्रोणाचार्य संगम शिक्षक सम्मान समारोह में एसईसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित डीएवी विद्यालयों के शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इस दौरान शिक्षकों के समर्पण और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को सराहा गया। समारोह का उद्देश्य शिक्षकों के योगदान को सम्मान देने के साथ शिक्षा के प्रति उनकी भूमिका को रेखांकित करना रहा।
ये रहे मौजूद
समारोह में बिलासपुर संभाग के आयुक्त सुनील जैन, एसईसीएल निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन, एसईसीएल डीएवी बिलासपुर के प्राचार्य के. पार्थिपन, डीएवी बिलासपुर क्षेत्र की क्षेत्रीय सहायक अधिकारी मौलिका मुखर्जी, एसईसीएल डीएवी कोरबा की प्राचार्य सुचित्रा शर्मा सहित अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।कलेक्टर संजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह तथा एसईसीएल और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी समारोह में उपस्थित रहे।
इस समारोह की खास बातें रही जहां द्रोणाचार्य संगम शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया वही एसईसीएल के डीएवी विद्यालयों के उत्कृष्ट शिक्षको को सम्मानित किया गया इस मौके पर राज्यपाल ने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और निरंतर सीखने का दिया संदेश और समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
प्रधान संपादक




