Explore

Search

September 6, 2026 2:38 pm

कुरूद की ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों का आयुक्त तारन प्रकाश सिन्हा ने किया निरीक्षण

अमृत सरोवर, बालिका शौचालय, पंचायत भवन और आंगनबाड़ी केंद्र का लिया जायजा

युक्तधारा, सिक्योर और क्लार्ट पोर्टल से कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश

CBN36 रायपुर। विकसित भारत-जी राम जी के आयुक्त एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के संचालक तारन प्रकाश सिन्हा ने धमतरी जिले के कुरूद विकासखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा कर शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों का मैदानी निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम पंचायत धूमा में बालिका शौचालय, अमृत सरोवर और पंचायत भवन का जायजा लिया। वहीं चरमुड़िया स्थित आंगनबाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।

श्रमिकों से की चर्चा, मजदूरी भुगतान की ली जानकारी

ग्राम पंचायत धूमा में बालिका शौचालय निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए तारन प्रकाश सिन्हा ने मौके पर काम कर रहे श्रमिकों से बातचीत की और मजदूरी भुगतान की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को श्रमिकों को समय पर मजदूरी भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने ग्राम पंचायत में निर्मित अमृत सरोवर का भी निरीक्षण किया। सरोवर में स्व-सहायता समूह द्वारा किए जा रहे मछली पालन की जानकारी लेते हुए समूह के सदस्यों से आयवर्धक गतिविधियों और आजीविका के साधनों पर चर्चा की। उन्होंने ग्रामीणों की आजीविका से जुड़े कार्यों को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

क्यूआर कोड स्कैन कर देखी विकास कार्यों की जानकारी

पंचायत भवन में क्यूआर कोड स्कैन कर पंचायत में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी का अवलोकन किया। उन्होंने क्लार्ट ऐप और युक्तधारा पोर्टल के माध्यम से प्रस्तावित एवं स्वीकृत कार्यों की स्थिति की समीक्षा की।

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवास निर्माण की प्रगति की जानकारी पंचायत सचिव और ग्राम रोजगार सहायक से ली। उन्होंने पंचायत स्तर पर योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग, समयबद्ध प्रगति और हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

चरमुड़िया आंगनबाड़ी केंद्र की व्यवस्थाएं देखीं

भ्रमण के दौरान चरमुड़िया स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, व्यवस्थाओं और संचालन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों के लिए जरूरी सुविधाओं के बेहतर प्रबंधन पर जोर दिया।

स्थानीय जरूरतों के आधार पर बने कार्ययोजना

दौरे के अंत में जनपद पंचायत कुरूद कार्यालय में कार्यक्रम अधिकारियों और तकनीकी सहायकों की बैठक ली गई। बैठक में ग्राम पंचायतों की कार्ययोजना तैयार करने, कार्यों को सिक्योर और युक्तधारा पोर्टल में शामिल करने तथा स्वीकृति प्रक्रिया की समीक्षा की गई।

तारन प्रकाश सिन्हा ने विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत बारिश के दौरान और बारिश के बाद प्राथमिकता से किए जाने वाले कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को स्थानीय जरूरतों, उपलब्ध संसाधनों और ग्रामीणों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर कार्यों का चयन करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों की कार्ययोजना केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि स्थानीय जरूरतों के अनुरूप उपयोगी, टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण परिसंपत्तियों के निर्माण का आधार बननी चाहिए। उन्होंने कार्यों की समयबद्ध स्वीकृति, गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में युक्तधारा पोर्टल के माध्यम से कार्यों की स्वीकृति और प्रगति की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने अधिकारियों और तकनीकी सहायकों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं का अधिकतम लाभ आम लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS