Explore

Search

July 27, 2026 11:20 pm

अयोध्या चोरी प्रकरण: बिलासपुर में तीन दिवसीय ‘श्रीराम श्रद्धा यात्रा’ का समापन, हजारों श्रद्धालु हुए शामिल

CBN36 बिलासपुर। अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में हुई चोरी की घटना के विरोध और श्रद्धालुओं की आस्था के समर्थन में निकाली गई तीन दिवसीय ‘श्रीराम श्रद्धा यात्रा’ का सोमवार को भव्य समापन हुआ। यात्रा का समापन वर्षों देवी मंदिर परिसर में महाआरती, विशाल भंडारे और महाप्रसाद वितरण के साथ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

यात्रा बेलतरा विधानसभा के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी विजय केशरवानी के नेतृत्व में आयोजित की गई। तीन दिनों तक शहर के विभिन्न मार्गों से निकली यात्रा में श्रद्धालु हाथों में नारियल लेकर शामिल हुए। इस दौरान भजन-कीर्तन, मृदंग की थाप और ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। कई स्थानों पर यात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।

आयोजकों के अनुसार, यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित नारियल अयोध्या भेजे जाएंगे और भगवान श्रीराम के चरणों में समर्पित किए जाएंगे। इसे छत्तीसगढ़ के ननिहाल की ओर से प्रभु श्रीराम के प्रति श्रद्धा का प्रतीक बताया गया।

समापन समारोह में आयोजित महाआरती और भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों की उल्लेखनीय भागीदारी रही।

इस अवसर पर विजय केशरवानी ने कहा कि अयोध्या श्रीराम मंदिर में हुई चोरी की घटना से करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा विरोध का माध्यम नहीं, बल्कि प्रभु श्रीराम के प्रति श्रद्धा, समर्पण और आस्था की अभिव्यक्ति है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित प्रत्येक नारियल उनकी भक्ति और विश्वास का प्रतीक है, जिसे अयोध्या में समर्पित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि समाज अपनी आस्था से जुड़े विषयों पर हमेशा संयम और एकजुटता के साथ अपनी भावनाएं व्यक्त करता रहेगा।

यात्रा में विजय पांडेय, सिद्धांशु मिश्रा, विनोद साहू, संतोष गर्ग, ऋषि पांडेय, मनीष गढ़ेवाल, राजेश ताम्रकार, वीरू कसेर, अशोक शास्त्री, हितेश देवांगन, प्रभंजन बैसवाड़े, दिलीप जानू कौशिक, राजेंद्र वर्मा, उत्तरा सक्सेना, विकास लासकर, ध्रुव साहू, शीतल दास महंत, राम कुमार भोई, नीरज सोनी, अनिल यादव, देवेंद्र मिश्रा, अजय यादव, विक्की यादव सहित बड़ी संख्या में सामाजिक, धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS