CBN 36 रायपुर। मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित मासिक सम्मान समारोह में मुख्य सचिव विकासशील ने ई-ऑफिस के जरिए फाइलों के त्वरित निपटारे और समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जून माह के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में सभी विभागाध्यक्ष और जिलों के कलेक्टर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
मुख्य सचिव विकासशील ने निर्देश दिए कि मंत्रालय की तर्ज पर अब विभागाध्यक्ष कार्यालयों और जिला स्तर पर भी हर महीने उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों का सम्मान किया जाएगा। उन्होंने e-HRMS, SPARROW और ई-ऑफिस में सभी अधिकारी-कर्मचारियों की शत-प्रतिशत ऑनबोर्डिंग सुनिश्चित करने के साथ वर्ष 2025-26 की ऑनलाइन एसीआर और आधार आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने बताया कि अगले माह से ई-ऑफिस में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विभागाध्यक्ष कार्यालय और जिले को राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए एक अप्रैल से 31 जुलाई 2026 तक के प्रदर्शन के आधार पर विभागों और जिलों की रैंकिंग जारी की जाएगी।
सम्मान समारोह में विभागीय श्रेणी में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को पहला, गृह विभाग को दूसरा और वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग को तीसरा स्थान मिला। विभिन्न श्रेणियों में संयुक्त सचिव, उप सचिव, अवर सचिव, अनुभाग अधिकारी, सचिवालय सहायक और कम्प्यूटर ऑपरेटर सहित कई अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। समयबद्ध उपस्थिति के लिए उप सचिव क्लेमेनटिना लकड़ा, अवर सचिव दिव्या वैष्णव समेत 21 अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
प्रधान संपादक



