Explore

Search

August 8, 2026 11:50 am

ऑपरेशन ‘यात्री सुरक्षा’ में आरपीएफ को बड़ी सफलता, 4.50 लाख के सोने के गहने चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

CBN36 रायपुर/नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ऑपरेशन ‘यात्री सुरक्षा’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 4.50 लाख रुपये मूल्य के स्वर्ण आभूषण चोरी मामले का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी रायपुर के सुपुर्द कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, 19 जुलाई 2026 को गाड़ी संख्या 20844 भगत की कोठी एक्सप्रेस के ए-2 कोच में यात्रा के दौरान एक यात्री के करीब 4.50 लाख रुपये मूल्य के स्वर्ण आभूषण चोरी हो गए थे। मामले में जीआरपी रायपुर ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(सी) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडल सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ, नागपुर के निर्देशन में पोस्ट प्रभारी गोंदिया के नेतृत्व में नागपुर एवं रायपुर मंडल की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने गोंदिया, राजनांदगांव और डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशनों सहित संबंधित कोच के सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार निगरानी के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की गई।

जांच के दौरान 26 जुलाई 2026 को डोंगरगढ़ से संदिग्ध नवीन पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसकी निशानदेही पर दूसरे आरोपी नितिन पटेल की पहचान हुई, जिसका हुलिया सीसीटीवी फुटेज में दिखे संदिग्ध से मेल खाता था। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद दोनों आरोपियों को जीआरपी रायपुर के हवाले कर दिया गया, जहां उनसे आगे की पूछताछ की जा रही है।

आरपीएफ ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। आधुनिक तकनीक, सीसीटीवी निगरानी और खुफिया तंत्र के माध्यम से अपराधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। साथ ही यात्रियों और आम नागरिकों से अपील की गई है कि अपराध से संबंधित कोई भी सूचना, फोटो या वीडियो उपलब्ध होने पर तत्काल आरपीएफ अथवा जांच एजेंसी को उपलब्ध कराएं, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS