Explore

Search

July 27, 2026 8:02 pm

बारिश में भी नहीं थमेगी ट्रैफिक की रफ्तार: बिलासपुर यातायात पुलिस की विशेष तैयारी, 130 से अधिक जवानों को मिले पारदर्शी रेनकोट

“बरसात के मौसम में एसएसपी रजनेश सिंह की यह पहल न केवल जवानों की कार्यक्षमता बढ़ाएगी, बल्कि आम नागरिकों में भी यह भरोसा पैदा करेगी कि मौसम चाहे जैसा हो, उनकी सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए यातायात पुलिस हर परिस्थिति में पूरी मुस्तैदी के साथ सड़क पर मौजूद रहेगी”

बिलासपुर। बरसात का मौसम शुरू होते ही शहर में जलभराव, फिसलन, जाम और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे चुनौतीपूर्ण मौसम में भी यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और लोगों को सुरक्षित व सुगम आवागमन मिल सके, इसके लिए बिलासपुर यातायात पुलिस ने विशेष तैयारी की है। सड़क पर ड्यूटी करने वाले 130 से अधिक यातायात जवानों को उच्च गुणवत्ता के पारदर्शी रेनकोट वितरित किए गए हैं, ताकि मूसलाधार बारिश के बीच भी वे पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा सकें।

पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर यह पहल की गई है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रकृति की विपरीत परिस्थितियों के बावजूद यातायात व्यवस्था बाधित न हो और आम नागरिकों को सुरक्षित, सरल, सुगम एवं व्यवस्थित आवागमन की सुविधा मिलती रहे।

यातायात पुलिस के जवान अब बारिश शुरू होते ही तत्काल पारदर्शी रेनकोट पहनकर अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर सक्रिय रहेंगे। पारदर्शी रेनकोट की खासियत यह है कि इससे जवानों का निर्धारित टर्नआउट भी स्पष्ट दिखाई देगा और वाहन चालक दूर से ही उन्हें आसानी से पहचान सकेंगे। इससे बारिश के दौरान भी यातायात पुलिस के संकेत स्पष्ट रूप से दिखाई देंगे और व्यवस्था बनाए रखने में सुविधा होगी।

बारिश के मौसम में शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन जाती है। ऐसे स्थानों पर सड़क की वास्तविक सतह पानी में छिप जाने से वाहन चालकों के लिए खतरा बढ़ जाता है। कई बार जल्दबाजी, लापरवाही और धैर्य की कमी के कारण दुर्घटनाएं भी हो जाती हैं। जलभराव वाले मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति भी बनती है। इन सभी परिस्थितियों से निपटने के लिए यातायात पुलिस ने पहले से रणनीति तैयार कर ली है और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

यातायात पुलिस का कहना है कि जवानों को आवश्यक संसाधनों से सुसज्जित किया गया है, ताकि भारी बारिश के दौरान भी वे बिना किसी बाधा के अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए लोगों को सुरक्षित आवागमन उपलब्ध करा सकें। आवश्यकता पड़ने पर जलभराव वाले क्षेत्रों में यातायात को डायवर्ट करने और लोगों की सहायता के लिए भी पुलिस तत्पर रहेगी।

नागरिकों के लिए एडवाइजरी

एसएसपी रजनेश सिंह ने वाहन चालकों से अपील की है कि तेज बारिश या कम दृश्यता की स्थिति में वाहन की गति नियंत्रित रखें, सुरक्षित दूरी बनाए रखें, जलभराव वाले मार्गों पर अनावश्यक जोखिम न लें और जल्दबाजी से बचें। साथ ही यातायात पुलिस द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का गंभीरता से पालन करें। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व भी है। यदि सभी लोग जिम्मेदारी और संयम के साथ वाहन चलाएं तो बरसात के मौसम में भी शहर की यातायात व्यवस्था सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित बनी रह सकती है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS