Explore

Search

July 27, 2026 6:05 pm

जमीन विवाद में बुजुर्ग की टांगी मारकर हत्या, आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

CBN 36 रायगढ़, 27 जुलाई। रायगढ़ जिले के रैरूमाखुर्द चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धरमपुर साजापाली में 76 वर्षीय बुजुर्ग बंधन राम पण्डो की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी मकरदम उर्फ मुड़ी माझी (40) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण नजूल जमीन पर कब्जे और हिस्सेदारी को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद सामने आया है।

पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई को मृतक के पुत्र नोहर साय पण्डो ने चौकी रैरूमाखुर्द में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि वह अपनी पत्नी और मां के साथ खेत में काम करने गया था। दोपहर में घर लौटने पर उसके पिता बंधन राम पण्डो गांव के मकरदम उर्फ मुड़ी माझी के साथ पुराने जमीन विवाद को लेकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान उसकी पुत्री अंजली पण्डो ने दौड़कर बताया कि आरोपी ने टांगी से दादा के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया है। घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद चौकी रैरूमाखुर्द पुलिस ने पहले हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। मृतक की मौत के बाद प्रकरण में हत्या की धारा जोड़ दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और मुखबिर की सूचना पर उसे उसके गृहग्राम धरमपुर से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने नजूल जमीन पर कब्जे और हिस्सेदारी के विवाद के चलते हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दोनों पक्ष लंबे समय से जमीन की सीमा और कब्जे को लेकर विवाद में थे। आरोपी का आरोप था कि मृतक हर वर्ष उसकी जमीन का कुछ हिस्सा अपने कब्जे में ले लेता था, जिससे वह आक्रोशित था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त टांगी, घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए हैं। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस मामले में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि कानून अपने हाथ में लेने वालों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी। उन्होंने लोगों से किसी भी विवाद का समाधान कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से करने की अपील करते हुए कहा कि हिंसा का रास्ता अपनाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS