CBN36 रायगढ़। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के न्यायाधीश एवं रायगढ़ जिले के पोर्टफोलियो जज जस्टिस सचिन सिंह राजपूत ने 25 और 26 जुलाई 2026 को जिले के न्यायालयों तथा जिला जेल का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न्यायिक कार्यप्रणाली, न्यायालयीन व्यवस्थाओं और जेल की सुविधाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

25 जुलाई को उन्होंने जिला एवं सत्र न्यायालय रायगढ़, बाह्य न्यायालय घरघोड़ा तथा बाह्य न्यायालय खरसिया का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान न्यायालयों की कार्यप्रणाली, आधारभूत संरचना, अभिलेखों के संधारण और न्यायिक प्रशासन का अवलोकन किया। उन्होंने न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, न्यायालयीन कर्मचारियों तथा न्यायालय में उपस्थित पक्षकारों से चर्चा कर उनकी समस्याओं, सुझावों और आवश्यकताओं की जानकारी ली। साथ ही न्यायिक कार्यों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन, प्रशासनिक दक्षता तथा न्यायिक सेवाओं को अधिक जनोन्मुखी बनाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।

26 जुलाई को न्यायाधीश ने जिला जेल रायगढ़ का निरीक्षण किया। उन्होंने जेल परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए बंदियों के स्वास्थ्य, भोजन, स्वच्छता, आवास और चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र निराकरण के लिए जेल प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जस्टिस सचिन सिंह राजपूत ने बंदियों के लिए तैयार भोजन स्वयं चखकर उसकी गुणवत्ता की भी जांच की। उन्होंने जेल प्रशासन को बंदियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
दो दिवसीय निरीक्षण के समापन पर उन्होंने न्यायिक प्रशासन को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाने तथा बंदियों के संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों के संरक्षण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
प्रधान संपादक



