Explore

Search

June 2, 2026 9:43 pm

खाद की कालाबाजारी पर प्रशासन का शिकंजा, गोदाम सील कर खाद जब्त

“कलेक्टर संजय अग्रवाल ने किसानों की सुविधा को देखते हुए सभी सहकारी समितियों को अवकाश दिवसों सहित शनिवार और रविवार को भी संचालित रखने के दिए निर्देश”

बिलासपुर। खरीफ सीजन में किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर गठित उड़नदस्ता दल जिलेभर में लगातार छापेमार कार्रवाई कर रहा है। हाल ही में मल्हार और सेन्दरी में की गई कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में खाद जब्त कर कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है।

कृषि विभाग से मिली जानकारी के अनुसार विकासखंड मस्तूरी के मल्हार स्थित अग्रवाल खाद भंडार की जांच में यूरिया, एनपीके और एसएसपी उर्वरकों का अवैध भंडारण पाया गया। टीम ने खाद जब्त कर ली है। मामले में आगे की कार्रवाई के लिए प्रकरण जिला दंडाधिकारी न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

इसी तरह सेन्दरी स्थित मेसर्स बंसल फर्टिलाइजर में छिपाकर रखी गई खाद को उड़नदस्ता दल ने रात में छापेमारी कर बरामद किया। जांच में अवैध भंडारण की पुष्टि होने पर खाद जब्त कर गोदाम सील कर दिया गया। कृषि विभाग ने बताया कि जिलेभर में निगरानी बढ़ा दी गई है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम तथा उर्वरक (नियंत्रण) आदेश-1985 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

अवकाश के दिनों में भी खुलेंगी समितियां

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने किसानों की सुविधा को देखते हुए सभी सहकारी समितियों को अवकाश दिवसों सहित शनिवार और रविवार को भी संचालित रखने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराना और किसी प्रकार की असुविधा से बचाना है।

जिले में खाद का पर्याप्त भंडारण

जिले को खरीफ सीजन के लिए 68 हजार 950 मीट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य मिला है। इसके मुकाबले अब तक 46 हजार 780 मीट्रिक टन से अधिक खाद का भंडारण किया जा चुका है। वहीं लगभग 19 हजार 913 मीट्रिक टन खाद किसानों को वितरित की जा चुकी है।

कृषि विभाग के अनुसार जिले में वर्तमान में यूरिया, डीएपी, पोटाश, एनपीके और एसएसपी सहित सभी प्रमुख उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार अब तक 10 हजार 711 मीट्रिक टन अधिक खाद का भंडारण किया गया है।

किसानों से की गई अपील

कृषि विभाग ने किसानों से केवल पंजीकृत सहकारी समितियों और लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही खाद-बीज खरीदने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि खरीदारी के समय रसीद अवश्य लें और खाद की कमी से जुड़ी भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें।

विभाग ने किसानों को नैनो यूरिया, नैनो डीएपी, हरी खाद और नील हरित काई जैसे विकल्पों के उपयोग के लिए भी प्रोत्साहित किया है। विभाग का कहना है कि इन विकल्पों के प्रयोग से रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम होगी और भूमि की उर्वरा शक्ति बनाए रखने में मदद मिलेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS