रायगढ़ । 6 वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ), उर्दना रायगढ़ में हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान और उनके कैरियर मार्गदर्शन के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वाहिनी की सेनानी निवेदिता पाल के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में किया गया।

कार्यक्रम में उप सेनानी वर्षा मिश्रा अनिल विश्वकर्मा सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर वाहिनी के उन अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बच्चों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने बोर्ड परीक्षाओं में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा के अवसरों, पुलिस एवं प्रशासनिक सेवाओं तथा अन्य रोजगारोन्मुखी क्षेत्रों की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को उनकी रुचि और योग्यता के अनुरूप कैरियर चयन, समय प्रबंधन, अध्ययन रणनीति और सफलता के मूल मंत्रों पर मार्गदर्शन प्रदान किया।

हाईस्कूल परीक्षा में एपीसी नीलमणि प्रधान की पुत्री तमन्ना प्रधान ने 91 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। वहीं आरक्षक राजबल निराला के पुत्र गौरव निराला ने 87.66 प्रतिशत, प्रधान आरक्षक छोटेलाल सूर्यवंशी की पुत्री तमन्ना सूर्यवंशी ने 87 प्रतिशत तथा आरक्षक समीर सिदार के पुत्र साहिल सिदार ने 80 प्रतिशत अंक हासिल किए।

हायर सेकेंडरी परीक्षा में प्रधान आरक्षक मंजीत यादव के पुत्र अभिषेक यादव ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं ट्रेड आरक्षक ज्ञानसिंह कंवर की पुत्री छाया कंवर ने 89.60 प्रतिशत अंक अर्जित किए।
अधिकारियों ने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों ने भी भाग लेकर कैरियर संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के अंत में सभी मेधावी विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र एवं पारितोषिक प्रदान कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
प्रधान संपादक


