Explore

Search

June 2, 2026 2:46 pm

भोजन के बाद हुए मामूली विवाद ने ली जान, तमनार पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई हत्या की गुत्थी

रायगढ़ । रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम उरबा में हुए हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में गांव का कोटवार, उसका पुत्र तथा एक विधि से संघर्षरत बालक शामिल है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंडा और चाकू भी बरामद कर लिया है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के अनुसार 30 मई की रात ग्राम उरबा निवासी दामोदर राठिया (37) को गंभीर रूप से घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया था। सूचना मिलते ही तमनार थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान पता चला कि दामोदर राठिया की मौत हो चुकी है।

मृतक के बहनोई अवधराम राठिया की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। शिकायत में बताया गया कि घटना के समय ग्राम उरबा के कोटवार हरिराम चौहान, उसका पुत्र आकाश चौहान तथा एक नाबालिग दामोदर राठिया के साथ मारपीट कर रहे थे। आरोप है कि आकाश चौहान और नाबालिग ने चाकू से तथा हरिराम चौहान ने डंडे से हमला किया, जिससे दामोदर राठिया गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जांच में सामने आया कि घटना की रात दामोदर राठिया ने हरिराम चौहान को भोजन के लिए बुलाया था। भोजन के बाद इस्तेमाल किए गए पत्तल को बाहर फेंकने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद हिंसक झगड़े में बदल गया और आरोपियों ने लाठी-डंडे तथा चाकू से हमला कर दिया, जिससे दामोदर राठिया की मौत हो गई।

पुलिस ने अपराध क्रमांक 122/2026 के तहत धारा 103(1) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद किए गए। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी के मार्गदर्शन में तमनार थाना पुलिस की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि क्षणिक आवेश में की गई हिंसा न केवल एक व्यक्ति की जान लेती है, बल्कि आरोपी को जेल पहुंचाने के साथ पूरे परिवार को भी प्रभावित करती है। उन्होंने लोगों से विवादों का समाधान कानून और संवाद के माध्यम से करने की अपील की।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS