
रायगढ़। रायगढ़ जिले के ग्राम कोड़ातराई में विभिन्न विकास कार्यों की शुरुआत करते हुए वित्त मंत्री ओ पी चौधरी ने 19 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से बनने वाले कोड़ातराई-पुसौर-सूरजगढ़ मार्ग निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस दौरान महतारी सदन निर्माण कार्य का भूमिपूजन तथा यात्री प्रतीक्षालय एवं सीसी रोड निर्माण कार्य का लोकार्पण भी किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में अधोसंरचना मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कोड़ातराई-पुसौर-सूरजगढ़ मार्ग के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में आसानी होगी।

उन्होंने कहा कि महतारी सदन महिलाओं की सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित होगा। वहीं, यात्री प्रतीक्षालय और सीसी रोड जैसी सुविधाएं ग्रामीणों के दैनिक जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाएंगी।
वित्त मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के हित में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास और जनसेवा के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पहुंचाना है।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
प्रधान संपादक


