Explore

Search

June 6, 2026 10:38 am

अवैध खनन और परिवहन पर चला प्रशासन का हंटर: कलेक्टर-एसएसपी की संयुक्त रणनीति से 1500 टन कोयला जब्त, 9 वाहन सील

छत्तीसगढ़।बिलासपुर जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। 

कलेक्टर  संजय अग्रवाल एवं एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर उप संचालक खनिज के मार्गदर्शन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत खनिज विभाग, राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर 2 जेसीबी मशीन, 1 लोडर मशीन और 5 हाईवा सहित कुल 9 वाहनों पर कार्रवाई की है। साथ ही अवैध रूप से संचालित एक कोयला डिपो को सील कर लगभग 1500 मीट्रिक टन कोयला जब्त किया गया है।

खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 मई को ग्राम लिम्हा क्षेत्र में संचालित मेसर्स कश्यप कोल डिपो की जांच की गई। जांच में पाया गया कि भंडारण अनुज्ञा की अवधि समाप्त होने के बाद भी डिपो का संचालन जारी था। इस पर विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर एक ट्रेलर वाहन एवं भारी मात्रा में रखे लगभग 1500 मीट्रिक टन कोयले को जब्त कर डिपो को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद लोडर मशीन को भी जब्त किया गया।

इसी दौरान खनन क्षेत्र में शासकीय भूमि पर बिना वैध अनुमति के खनिज उत्खनन करते हुए दो जेसीबी मशीनें पकड़ी गईं। वहीं दो हाईवा वाहन चालकों द्वारा वाहन छोड़कर भाग जाने पर विभाग ने वाहनों को मौके पर ही सील कर दिया। जब्त 1 ट्रेलर एवं 2 जेसीबी मशीनों को  रतनपुर थाने की अभिरक्षा में रखा गया है, जबकि लोडर मशीन एवं हाईवा वाहनों को यथास्थान सील किया गया है।

इसके अतिरिक्त 27 मई को पचपेड़ी, लावर और मस्तूरी क्षेत्र में भी संयुक्त जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान पचपेड़ी क्षेत्र में अवैध रूप से चूना पत्थर परिवहन करते 1 हाईवा तथा लावर क्षेत्र में रेत परिवहन करते 2 हाईवा वाहनों को जब्त किया गया। सभी मामलों में खान एवं खनिज विकास एवं विनियमन अधिनियम, 1957 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

कलेक्टर-एसएसपी की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति

जिले में अवैध खनिज भण्डारण पर नकेल कसने के लिए कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने संयुक्त रणनीति तैयार की है,उसी के तहत जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS